रोहतक के आईएमटी थाना क्षेत्र के चुलियाना मोड़ स्थित पेट्रोल पंप पर कार सवार युवकों ने एक युवक पर फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान एक गोली युवक की कांख में लगी।
वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना पाकर आईएमटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को पीजीआई ट्रोमा सेंटर में भर्ती कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घायल की पहचान रोहद निवासी राहुल के रूप में हुई। घायल राहुल अपने दोस्त अमित (गांव डाबौदा, जिला झज्जर) के साथ किसी काम से बहादुरगढ़ गया था, जहां किसी बात को लेकर उनका कुछ युवकों के साथ झगड़ा हो गया।
इसी झगड़े की रंजिश रखते हुए आरोपियों ने उनका पीछा किया और चुलियाना मोड़ पर राहुल को गोली मार दी, जिसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
अमित ने बताया कि जब राहुल गाड़ी में पेट्रोल डलवाने के लिए चुलियाना मोड़ के पेट्रोल पंप पर रुका, तो पीछे से आई गाड़ी में सवार तीन युवकों ने उस पर गोली चला दी। गोली राहुल की कांख के पास लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर गया।
वारदात के बाद काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए, जिन्हें देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल को इलाज के लिए पीजीआई ट्रोमा सेंटर में भर्ती कराया गया।
आईएमटी थाना एसएचओ एसआई पंकज ने बताया कि चुलियाना मोड के पास पेट्रोल पंप में एक युवक को गोली मारी गई है, जिसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घायल का पीजीआई के ट्रोमा सेंटर में इलाज करवाया जा रहा है। पुलिस ने मामले में 3 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस वारदात स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी खंगाल रही है। जल्द आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।

