Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

12 दिसंबर को रामलीला मैदान में होने वाली रैली में बड़ी संख्या में शामिल होंगे अग्निशमन कर्मचारी : गुलशन भारद्वाज

रोहतक 31अक्टूबर।* नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा, शाखा हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन की बैठक जिला प्रधान सोनू हुडा की अध्यक्षता में मुख्य दमकल केंद्र पर आयोजित की गई। बैठक का संचालन जिला सचिव जसवीर नंदल ने किया। बैठक में 11 सितंबर को सरकार के साथ हुए समझौते पर चर्चा की गई। बैठक में सभी फायर स्टेशनों के पे-रोल,नियमित व कौशल कर्मचारी उपस्थित रहे।

राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री श्री विपुल गोयल ने अग्निशमन कर्मचारियों की मांगों के संबंध में 11 सितंबर को सरकार के साथ हुए समझौते को तत्परता से लागू करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। मंत्री ने फायर कर्मचारियों को ₹5,000 मासिक जोखिम भत्ता, ₹7,500 वर्दी भत्ता देने, निलंबित नियमित फायर कर्मचारियों का निलंबन रद्द कर उन्हें बहाल करने तथा हड़ताल अवधि का पूरा वेतन दिवाली से पहले जारी करने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

यह जानकारी हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के राज्य महासचिव गुलशन भारद्वाज ने चंडीगढ़ स्थित मंत्री के सरकारी आवास पर हुई मुलाकात के बाद दी। उन्होंने बताया कि हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने बीते 28 अक्टूबर को मंत्री से मुलाकात कर 11 सितंबर को हुए समझौते को लागू करने तथा कर्मचारियों की लंबित मांगों का शीघ्र समाधान करने की मांग उठाई।

गुलशन भारद्वाज ने बताया कि मंत्री ने अग्निशमन विभाग में कार्यरत कच्चे कर्मचारियों को नियमित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए भर्ती एवं सेवा नियम निर्धारित करने वाली कमेटी का पुनर्गठन करने के भी निर्देश दिए। प्रतिनिधिमंडल ने जोर दिया कि सरकार द्वारा मानी गई मांगों पर बिना किसी अनावश्यक देरी के कार्रवाई की जाए, ताकि कर्मचारियों को उनका जायज हक मिल सके। यदि सरकार ने जल्द 11 सितंबर को हुए समझौते को लागू नहीं किया तो हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन आंदोलन करने पर मजबूर होगी, जिसकी जिम्मेदारी हरियाणा सरकार की होगी।

उन्होंने कहा कि कच्चे कर्मचारियों को पक्का करवाने, पुरानी पेंशन बहाल करवाने, विभागों के निजीकरण पर रोक लगाने सहित अन्य मांगों का हल करवाने के लिए अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ द्वारा 12 दिसंबर 2026 को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली रैली में फायर ब्रिगेड कर्मचारी बढ़-चढ़कर भागीदारी करेंगे।

मौके पर…हरियाणा अग्निशमं विभाग कर्मचारी संघ के राज्य वरिष्ठ उपप्रधान ..अरुण ढुल, राज्य सदस्य.. समेराम,
हरियाणा अग्निशामन विभाग कर्मचारी संघ के जिला प्रधान ..सोनू हुडा ,उपप्रधान.. नरेंद्र सिंह ,कैशियर.. राजेश खोखर, प्रेस सचिव ..जसवीर नांदल ,जयवीर सिंह ,सतवीर ,अजय ,मुकेश ,
संदीप अन्य सभी फायर स्टेशनों के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version