Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी के आवास पर दमकल कर्मचारियों का प्रदर्शन…शहीद का दर्जा और मुआवजे की मांग

हरियाणा में दमकल (फायर ब्रिगेड) कर्मचारियों की चल रही हड़ताल अब और तेज हो गई है। शुक्रवार को प्रदेशभर में कर्मचारियों ने मंत्रियों और विधायकों को मांगपत्र सौंपकर सरकार पर दबाव बढ़ाया।

भिवानी में कर्मचारियों ने सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी के आवास पर प्रदर्शन किया और उनके नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कर्मचारियों ने मांग की कि उनकी लंबित मांगों को जल्द पूरा किया जाए, अन्यथा आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

सर्व कर्मचारी संघ से जुड़े संगठनों ने भी इस आंदोलन को समर्थन दिया। हरियाणा वर्कर्स यूनियन के राज्य प्रधान व सर्व कर्मचारी संघ के राज्य उपप्रधान नरेंद्र दिनोद और फायर ब्रिगेड कर्मचारी यूनियन के जिला प्रधान अजय श्योराण ने बताया कि हाल ही में फरीदाबाद में आग बुझाने के दौरान दो फायर कर्मचारियों और एक पुलिसकर्मी की झुलसने से मौत हो गई थी।

उन्होंने आरोप लगाया कि मृतक पुलिसकर्मी के परिवार को सरकार की ओर से सहायता दी गई, लेकिन फायर कर्मचारियों के परिजनों को कोई राहत नहीं मिली। इसी के विरोध में दमकल कर्मचारी पिछले 17 दिनों से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं।

कर्मचारियों ने बताया कि ज्ञापन के माध्यम से 27 अप्रैल को होने वाले विधानसभा सत्र में उनकी मांगों को उठाने की अपील की गई है।

प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में मृतक फायर कर्मचारियों को शहीद का दर्जा, उनके परिजनों को सरकारी नौकरी और आर्थिक सहायता शामिल हैं।

कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो 1 मई से प्रदेशभर के करीब 40 हजार सफाई कर्मचारी भी हड़ताल में शामिल हो जाएंगे, जिससे हालात और गंभीर हो सकते हैं।

हड़ताली कर्मचारियों का कहना है कि वे अपनी मांगों को लेकर पीछे नहीं हटेंगे और जरूरत पड़ी तो लंबे समय तक आंदोलन जारी रखेंगे।

Exit mobile version