रोहतक के खिड़वाली गांव में रात के समय तेज आवाज में गाना बजाने से मना करने पर ग्राम सचिव के साथ मारपीट कर दी गई। आरोप है कि हमलावरों ने दहशत फैलाने के लिए मकान के सामने कई राउंड फायरिंग की। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपितों की तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।
सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में रवि ने बताया कि वह गांव खिड़वाली पाना ढोई रोहतक का निवासी है। चरखी दादरी में ग्राम सचिव के पद पर तैनात है। बुधवार रात 12 बजे जब वह शौचालय जाने के लिए उठा तो घर के बाहर तेज आवाज में गाने बज रहे थे। वह बाहर गया तो देखा कि ट्रैक्टर ट्रॉली पर कुछ युवक तेज आवाज में गाने बजा रहे थे। युवक गांव के ही नवीन उर्फ भंडर, भोली, जतिन और आशीष थे।
ग्राम सचिव ने उन्हें रात के समय तेज आवाज में गाना बजाने से रोका। जिस पर आरोपितों की ग्राम सचिव के साथ कहासुनी हो गई। मामला इतन बढ़ गया कि आरोपितों ने ग्राम सचिव को पकड़कर मारपीट शुरू कर दी ,झगड़ा सुनकर आस-पड़ोस के लोग भी इकट्ठा हो गए। जिसके बाद मामले का बीच-बचाव कराया गया। पीड़ित परिवार किसी तरह घर के अंदर गया।
थोड़ी देर बाद ही आरोपित दोबारा से ट्रैक्टर लेकर घर के सामने पहुंच गए। जिन्होंने एक के बाद एक कई राउंड फायरिंग शुरू कर दी। इतना ही नहीं, बदमाशों ने घर के अंदर भी फायर किए।ताबड़तोड़ हुई फायरिंग से ग्राम सचिव व उनके परिवार के सदस्यों ने सभी दरवाजे बंद कर लिए और पुलिस को सूचना दी।

