Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में लगी आग: 35 लाख का नुकसान; लेडीज बार रूम पूरी तरह जलकर खाक

पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के परिसर में सोमवार को भीषण आग लग गई। इस आग में लेडीज बार रूम और रूम नंबर 4 पूरी तरह जलकर खाक हो गया। जबकि, मुख्य बार रूम का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति पर तुरंत काबू पाया। आग किस वजह से लगी? इसके बारे में पता नहीं चल सका है। उधर, हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की ओर से जारी बयान में बताया गया कि इस अग्निकांड में करीब 35 लाख का अनुमानित नुकसान हुआ है।

बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सरतेज सिंह नरूला के अनुसार उन्हें सुबह लगभग 4:45 बजे हाईकोर्ट परिसर से कॉल आया, जिसके बाद वे तुरंत मौके पर पहुंचे। देखा कि महिला अधिवक्ताओं के लिए आरक्षित बार रूम में आग लगी थी। तुरंत फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। सुबह 5:15 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया। समय पर काबू पाने से टली बड़ी दुर्घटनानरूला ने बताया कि यदि समय पर आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो लपटें मुख्य बार रूम तक पहुंच सकती थीं और नुकसान और भी बड़ा हो सकता था। फिलहाल महिला अधिवक्ताओं के लिए आरक्षित बार रूम पूरी तरह जल चुका है। रूम नंबर चार भी जल गया है। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ने यह भी बताया कि प्रभावित क्षेत्रों की मरम्मत और पुनर्निर्माण के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। इसके लिए वित्तीय सहयोग की आवश्यकता जताई गई है। बयान में आगे कहा गया है कि दान की राशि बार एसोसिएशन के अकाउंट्स ऑफिस में उचित रसीद के साथ जमा करवाई जा सकती है।

आग लगने के वास्तविक कारण की पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। नरूला ने कहा, हमें संदेह है कि यह आग शॉर्ट सर्किट से लगी, लेकिन कारण की जांच अभी चल रही है। फिलहाल प्रशासन ने आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी समीक्षा की जा रही है।

बता दें कि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का वर्तमान स्वरूप 1 नवंबर 1966 को राज्य पुनर्गठन अधिनियम के तहत अस्तित्व में आया था। प्रसिद्ध वास्तुकार ली कोर्बुसिए ने इस इमारत का डिजाइन तैयार किया था। प्रशासन की ओर से मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पाया, अन्यथा इस इमारत को भी नुकसान हो सकता था।

Exit mobile version