दिल्ली हाई-वे पर रविवार देर रात करीब तीन बजे दिलदहला देने वाली घटना में बाइक सवार होटल संचालक सहित 3 युवकों की मौत हो गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार अज्ञात वाहन की टक्कर लगने के बाद बाइक में आग लगने से तीनों बुरी तरह झुलस गए थे। वहीं, मृतकों के परिजनों का कहना है कि यह हादसा नहीं बल्कि हत्या है। इसे सोची-समझी साजिश के तहत अंजाम दिया है। जब तक हत्यारोपी नहीं पकड़े जाते शवों का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।
फिलहाल सदर थाना पुलिस ने मृतक होटल संचालक आर्य नगर वासी निशांत उर्फ मनोज शर्मा के भाई विष्णु के बयान पर सेक्टर 9-11 वासी जिंदी व अन्य के विरुद्ध हत्या और शव खुर्द-बुर्द के आरोप में केस दर्ज किया है। तीनों के शवाें का अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में फोरेंसिक एक्सपर्ट द्वारा पोस्टमार्टम किया गया है।
मृतकों में होटल संचालक के अलावा सफाई कर्मी फतेहाबाद के भट्टू कलां वासी अजय और काउंटर संभालने वाला बयानाखेड़ा हाल सूर्य नगर वासी अभिषेक शामिल है। अभिषेक करीब डेढ़ माह पहले ही पिता बना था। इस वारदात की सूचना पर डीआईजी बलवान सिंह राणा, सीन ऑफ क्राइम यूनिट के सहायक निदेशक डॉ. अजय कुमार, डीएसपी अभिमन्यु लोहान और सदर थाना एसएचओ कप्तान सिंह ने टीम के साथ पहुंचकर जांच कर साक्ष्य जुटाए।
मृतक मनोज शर्मा के भाई विष्णु ने पुलिस को दी जानकारी में बताया कि मनोज उर्फ निशांत शर्मा मुझसे बड़ा था, जो शहर की दिल्ली रोड पर शीश महल के पास रेडवुड होटल किराये पर लेकर चलाता था। मैं अपने भाई का होटल चलाने में सहयोग करता था। मेरे भाई निशांंत उर्फ मनोज शर्मा को सेक्टर 9-11 के पास रहने वाला जिंदी कई दिनों से होटल में हिस्सेदारी को लेकर धमकियां दे रहा था। रविवार रात करीब 8 बजे जिंदी बाइक पर सवार होकर अपने दो साथियों को लेकर होटल पर आया था। उसने मेरे भाई को फोन कर बुलाया था। होटल में हिस्सेदारी डालने की कहकर चला गया था।
मैं होटल से अपने घर आर्य नगर आ गया था। भाई, अभिषेक और अजय वहीं पर थे। मेरे पास रविवार देर रात करीब साढ़े 3 बजे पड़ाव चौक हाल न्यू मॉडल टाउन वासी अनिल का फोन आया था। उसने बताया कि दिल्ली हाईवे पर तेरे भाई सहित तीन दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सिविल अस्पताल पहुंचा तो तीनों मृत मिले थे। जिंदी ने सोची-समझी साजिश के तहत गाड़ी से टक्कर मारने के बाद उन्हें जलाया है। वारदात तब की है, जब तीनों बाइक पर सवार होकर हाई-वे स्थित गुजराती ढाबे पर खाना खाने के लिए जा रहे थे।
दिल्ली हाई-वे पर हुई इस दर्दनाक घटना में बाइक सवार होटल संचालक और उसके 2 कर्मियों की मौत के मामले में पुलिस 2 अलग एंगल से इनवेस्टिगेशन कर रही है। यह हादसा है या सुनियोजित हत्या, इसकी सत्यता जानने के लिए साक्ष्य जुटा रही है। हालांकि पुलिस और सीन ऑफ क्राइम विशेषज्ञों की प्रारंभिक जांच में घटनास्थल से मिले परिस्थितिजनक साक्ष्य हादसे में काल का ग्रास बनने की ओर इशारा कर रहे हैं। बाइक में गाड़ी की टक्कर पीछे से लगने के कोई निशान नहीं हैं। अगला पहिया व बॉडी बुरी तरह डैमेज हैं। अगले पहिये का रिम मुड़ा हुआ था।
नंबर प्लेट टूटी थी। हैंडल, शाॅकर और लेफ्ट साइड का लैग गार्ड तक मुड़े हुए थे। इसके अनुसार गलत दिशा में बाइक चलाते हुए तीनों सेक्टर 27-28 कट की तरफ जा रहे थे। निशान शोरूम के समीप हांसी की तरफ से आती गाड़ी की सामने से जोरदार टक्कर लगने के बाद तीनों बाइक सहित लेफ्ट साइड गिरकर करीब 100 फीट तक घसीटते हुए गए थे। इस दौरान बाइक के टैंक से पेट्रोल का रिसाव हुआ और सड़क से लोहे की बॉडी की रगड़ से पैदा हुई चिंगारी ने आग सुलगा दी।
इस दौरान टक्कर लगने से चोटिल तीनों आग की चपेट में आने से बुरी तरह झुलस गए। जिस गाड़ी से टक्कर हुई है, वह भी क्षतिग्रस्त हुई है। उसके टूटे पार्ट्स पुलिस ने बरामद किए हैं। फिलहाल पोस्टमार्टम के दौरान लिया विसरा, कैमिकल जांच के लिए जले अवशेष व मौके पर पाउच में मिले पदार्थ को फोरेंसिक साइंस लैब भिजवाया जाएगा।
जानकारी के अनुसार होटल संचालक निशांत उर्फ मनोज शर्मा, अभिषेक व अजय रविवार देर रात तक होटल में मौजूद थे। तीनों लाउड स्पीकर बजाकर डांस कर खूब मस्ती कर रहे थे। इनका नाचते-खुशी मनाते हुए का वीडियो पुलिस को मिला है। इसके बाद करीब ढाई-तीन बजे तीनों बाइक पर सवार गुजराती ढाबा पर खाना खाने के लिए निकले थे। मिर्जापुर चौक से होते हुए गलत दिशा में बाइक चलाते हुए दिल्ली हाईवे पर जा रहे थे, तब उनके साथ घटना हुई है।

