गुरुग्राम। ओल्ड दिल्ली रोड पर गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब सवारियों से भरी एक चलती सिटी बस में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही बस के अंदर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस ओल्ड दिल्ली रोड से गुजर रही थी। इसी दौरान अचानक बस के इंजन से धुआं निकलने लगा। कुछ ही पलों में धुआं तेजी से बढ़ा और बस आग की लपटों से घिर गई।
स्थिति को भांपते हुए ड्राइवर ने तुरंत बस रोक दी और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकलने के लिए कहा। ड्राइवर की सूझबूझ और समय रहते की गई कार्रवाई के चलते सभी यात्रियों को बस से बाहर निकाल लिया गया।
गनीमत रही कि आग पूरी तरह विकराल रूप लेने से पहले ही सभी यात्री सुरक्षित बाहर आ गए। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। बस में आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।
हादसे की सूचना तुरंत दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
इस घटना के कारण ओल्ड दिल्ली रोड पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए यातायात को दूसरे रास्तों पर डायवर्ट किया और क्रेन की मदद से जली हुई बस को सड़क से हटवाया। इसके बाद ही यातायात सामान्य हो सका। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
