भीषण गर्मी के बीच दिल्ली से लगातार आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं. मुंडका वाले हादसे को अभी ज्यादा दिन नहीं हुए हैं कि अब रोहिणी से आग लगने की घटना सामने आ रही है। रोहिणी के बुद्ध विहार इलाके में ब्रह्म शक्ति अस्पताल में आज सुबह 5 बजे आग लग गई। जिससे अस्पताल में अफरातफरी की स्थिति पैदा हो गई। मौके पर दमकल की दस गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया व आनन फानन में आईसीयू में भर्ती मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। आग तीसरी मंजिल में बने आईसीयू वार्ड में लगी थी। जिस समय हादसा हुआ, उस वक्त कई मरीजों के आपरेशन भी हो रहे थे, तत्काल आपरेशन रोक कर उन्हें अस्पताल से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। समय रहते बचाव कार्य शुरू हो जाने के चलते आग तीसरी मंजिल से ज्यादा नहीं फैल सकी।
Delhi | A fire broke out at 3rd (ICU ward) of Brahm Shakti Hospital in Rohini. 9 fire tenders were rushed. All have been safely rescued except 1 patient who was on the ventilator & is suspected to have died. Fire has been completely doused: Atul Garg, Director, Delhi fire service pic.twitter.com/M1aqCijqIj
— ANI (@ANI) June 11, 2022
दिल्ली दमकल सेवा के निदेशक अतुल गर्ग के अनुसार 1 मरीज को छोड़कर सभी को सुरक्षित बचा लिया गया है। इस अफरातफरी के बीच आईसीयू में भर्ती 64 वर्षीय होरी लाल की मौत हो गई, वे वेंटिलेटर पर थे। जबकि तीसरी मंजिल से कूदने से डाक्टर के पैर में चोट लग गई। जानकारी के अनुसार आग इतनी ज्यादा थी कि आईसीयू में मौजूद सारी चीजें जलकर खाक हो गईं। आशंका है कि शार्ट सर्किट के चलते घटना हुई है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
बता दें कि यह अस्पताल बुद्ध विहार इलाके का सबसे पुराना और सबसे बड़ा है। यहां सैंकड़ों की संख्या में रोज मरीज भर्ती होते हैं। जिस समय यह आग लगी तब भी अस्पताल में कई मरीज भर्ती थे जिन्हें कुछ आम लोगों और अस्पताल के कर्मियों की मदद से बचाया गया।
8 जून को भी लाजपत नगर में एक्सिस बैंक की बिल्डिंग के बेसमेंट के इलेक्ट्रिक पैनल में आग लगने की घटना सामने आई थी । दमकल विभाग ने बिल्डिंग के पीछे जाकर शीशे तोड़कर लोगों को रेस्क्यू किया था, आग इतनी भीषण थी कि तीनों मंजिलों को चपेट में ले लिया था। दमकल विभाग ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया था।

