हरियाणा के हिसार में रेड स्क्वेयर मार्केट स्थित चार मंजिला होटल डिजायर में बुधवार शाम भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि होटल की दूसरी मंजिल पर मौजूद एक बैंकर युवती ने जान बचाने के लिए छलांग लगा दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
वीडियो में दिख रहा है कि नीचे खड़े लोग युवती को बचाने के लिए कंबल लेकर खड़े हैं। जैसे ही युवती दूसरी मंजिल से कूदती है, कंबल लोगों के हाथ से छूट जाता है। इसके बावजूद युवती की जान बच गई, हालांकि उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना के दौरान अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसी बीच एक महिला के सिर पर ईंट गिर गई, जिससे वह घायल हो गई। होटल में लगी आग इतनी भीषण थी कि वहां लगे 5 एसी ब्लास्ट हो गए। आग की लपटें होटल की पार्किंग तक पहुंच गईं, जिससे वहां खड़े वाहन भी चपेट में आ गए। बाद में लोगों ने गाड़ियों को हटाकर बड़ा नुकसान होने से बचाया।
ऑफिस में फंसी थी युवती
प्रत्यक्षदर्शी दीपक चोपड़ा ने बताया कि होटल के पीछे बनी कमर्शियल बिल्डिंग में DSA बैंक का ऑफिस है। घटना के समय एक युवती ऑफिस में काम कर रही थी। आग लगने के बाद उससे संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उसका फोन लगातार वेटिंग में जा रहा था।
कंबल के सहारे किया गया रेस्क्यू
दीपक के मुताबिक, कुछ देर बाद युवती ने कॉल रिसीव की। वह काफी घबराई हुई थी और ऑफिस की सीढ़ियों तक आग पहुंच चुकी थी। ऐसे में उसे दूसरी मंजिल से कूदने के लिए कहा गया। आसपास के एक होटल से कंबल मंगवाए गए और लोगों ने नीचे खड़े होकर युवती को कूदने के लिए कहा। युवती ने छलांग लगाई और लोगों ने किसी तरह उसे बचा लिया। हालांकि इस दौरान वह घायल हो गई।
