Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

आलिया भट्ट के खिलाफ होगी FIR: होम क्वारैंटाइन नियम तोड़ने से खफा BMC का बड़ा एक्शन

बॉलीवुड एक्ट्रेस आलिया भट्ट पर पेंडेमिक एक्ट के तहत FIR दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है। होम क्वारैंटाइन नियम तोड़ने के लिए बृहन्मुंबई महानगर पालिका (BMC) ने एक्ट्रेस के खिलाफ केस दर्ज करने का आदेश दिया है। आलिया भट्ट की कोविड रिपोर्ट निगेटिव आई थी, लेकिन BMC के नियमों के मुताबिक हाई रिस्क संपर्क लिस्ट में रखे गए लोगों के लिए 14 दिन होम क्वारैंटाइन रहना जरूरी है, लेकिन ब्रह्मास्त्र मूवी के मोशन पोस्टर लॉन्च के लिए आलिया भट्ट, रणबीर कपूर के साथ दिल्ली चली गईं थीं।

जानकारी के मुताबिक, दिल्ली में एक्ट्रेस कई लोगों से मिली भी हैं। ऐसे में आलिया ने BMC का नियम तोड़ा है। BMC इस मामले की जांच कर रही थी और नियम उल्लंघन की पुष्टि के बाद अब एक्ट्रेस के खिलाफ केस दर्ज करने के लिए कहा गया है।

BMC जन स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष राजुल पटेल ने कहा, ‘मैंने डीएमसी स्वास्थ्य विभाग को आलिया भट्ट के खिलाफ होम आइसोलेशन नियम का उल्लंघन करने के लिए प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया है। वह एक रोल मॉडल हैं, इसलिए उन्हें जिम्मेदारी से व्यवहार करना चाहिए था। नियम सबके लिए समान हैं।’

आलिया भट्ट के दिल्ली जाने की जानकारी मिलने पर BMC के H-West वॉर्ड के स्वास्थ्य विभाग ने उनके मैनेजर से बुधवार को संपर्क किया था। स्वास्थ्य विभाग ने आलिया से कहा है कि आपने नियम तोड़ा है, ऐसे में आप दिल्ली में ही रुकें, वापस मुंबई न आएं, जिससे और लोगों तक ये वायरस न फैले। मगर इस बार भी आलिया नहीं मानीं और देर रात मुंबई वापस आ गईं। इसलिए अब एक्ट्रेस पर पेंडेमिक एक्ट के तहत मामला दर्ज किया जाएगा।

बीते दो-तीन दिनों से जिस तरह सिलेब्रिटीज में कोरोना का खतरा बढ़ा है, महानगरपालिका भी इसको लेकर चिंता में है। अभी दो दिनों में करीना कपूर, अमृता अरोड़ा, संजय कपूर की पत्‍नी महीप कपूर और उनकी बेटी शनाया कपूर, सोहेल खान की बीवी सीमा खान और उनका छोटा बेटा योहान, सभी 6 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।

इस बीच करीना कपूर के साथ ही BMC ने महीप कपूर के घर को भी सील कर दिया है। ये सभी सिलेब्रिटीज बीते हफ्ते करण जौहर के घर पार्टी करने पहुंचे थे। BMC ने पार्टी में आए मेहमानों और सिलेब्रिटीज के स्‍टाफ सहित 40 लोगों का आरटी-पीसीआर टेस्‍ट करवाया है। करण जौहर और मलाइका अरोड़ा की कोविड-19 रिपोर्ट नेगेटिव आई है। करण जौहर के घर को सैनिटाइज भी किया गया है।

Exit mobile version