Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रेवाड़ी-रोहतक हाइवे जाम करने वालों पर FIR:लापता नाबालिगा की बरामदगी को लेकर किया था प्रदर्शन; सड़क पर गाड़ा टैंट

रेवाड़ी जिले के गांव बीकानेर टी-प्वॉइंट के पास रोहतक-रेवाड़ी हाइवे को 18 घंटे तक जाम रखने के मामले में पुलिस ने एक्शन लेते हुए सदर थाना में 7 नामजद लोगों सहित 50-60 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। वहीं दूसरी तरफ दो दिन पहले लापता हुई लड़की का अभी सुराग नहीं लगा है। मामले की जांच SIT कर रही है।

दरअसल, रेवाड़ी के सदर थाना क्षेत्र की रहने वाली 17 साल की एक नाबालिग लड़की दो दिन पहले सोमवार दोपहर घर से अचानक लापता हो गई थी। लड़की को गायब करने का आरोप पड़ौसी गांव लिसाना के ही एक युवक पर लगा था। लड़की के गायब होने के शुरुआती कुछ घंटों में पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाकर सोमवार की शाम 6 बजे आक्रोशित ग्रामीणों ने रेवाड़ी-रोहतक हाइवे पर बीकानेर टी-प्वॉइंट के पास जाम लगा दिया था।

ग्रामीणों द्वारा हाइवे पर जाम लगाने के बाद 24 जुलाई की शाम ही पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर लिया था। लेकिन ग्रामीण लड़की की बरामदगी की मांग को लेकर अड़े रहे और हाइवे को जाम रखा। ग्रामीणों ने पूरी रात हाइवे को बंद रखा। अगले दिन सुबह हाइवे पर टैंट भी गाड़ दिए थे। हालांकि मंगलवार दोपहर डीसी से मुलाकात के बाद ग्रामीणों ने 18 घंटे बाद जाम खोल दिया था। पुलिस ने इस मामले में एसआईटी गठित की हुई है, जो नाबालिग लड़की की बरामदगी को लेकर प्रयास कर रही है।

शिकायत पर 7 नामजद सहित 50-60 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इसमें पीएसआई ने बताया कि 24 जुलाई को NH-71 पर बीकानेर टी-प्वाइंट के पास एक समूह द्वारा जबरन हाइवे को अवरोधक डालकर जाम कर दिया। इसके अलावा टैंट लगाकर धरना दिया। पुलिस ने मामले में धारा 147, 149, 283, 8बी नेशनल हाइवे एक्ट के तहत FIR दर्ज की है।

Exit mobile version