रोहतक में नगर निगम की टीम पर हमला करने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है। टीम हिसार रोड पर अवैध निर्माण को रुकवाने के लिए गई थी। उसी दौरान लोगों ने बिल्डिंग इंस्पेक्टर पर कस्सी से हमला कर दिया, जिसमें वह बाल-बाल बच गए थे। बाद में उन्हें बंधक बनाकर जान से मारने की कोशिश की गई थी।
जानकारी के अनुसार, नगर निगम के कनिष्ठ अभियंता रमन मलिक, बिल्डिंग इंस्पेक्टर रवि कुमार, बिंदु, बेलदार दीपक और ड्राइवर भजनलाल हिसार रोड पर अवैध निर्माण को रुकवाने के लिए गए थे। पहले भी अवैध निर्माण को लेकर सचिन के नाम पर नोटिस जारी हो चुका था, बावजूद इसके भवन का काम जारी था।
टीम के सामने भवन प्लान, विकास प्रभार, प्रॉपर्टी टैक्स, अग्निशमन NOC, पड़ोसियों का अनापत्ति प्रमाण पत्र अथवा भू-उपयोग परिवर्तन से संबंधित कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया
जिसके बाद टीम ने मौके से कस्सी, हथौड़े, तस्ले आदि सामान को कार में डाल लिया। इसी दौरान टीम कुछ दूरी पर चल रहे निर्माण कार्य के निरीक्षण के लिए पहुचे। अचानक पीछे से 5 से 7 लोगों ने टीम को बंधक बनाने की कोशिश करते हुए जान से मारने की कोशिश की।
मारपीट करते हुए कस्सी से हमला करने की कोशिश की गई। हमले में बिल्डिंग इंस्पेक्टर रवि घायल हो गए। साथ ही टीम को हिसार रोड पर चल रहे वाहनों के नीचे धकेलने की कोशिश की। आरोपियों ने गाड़ी को जब्त कर सामान छीन लिया।
जिसके बाद कनिष्ठ अभियंता रमन मलिक ने इस वारदात की सूचना कार्यालय और डायल 112 पर शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, जानलेवा हमला करने, बंधक बनाने, धमकी देने सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
