अंबाला जिले में सरपंच पद के प्रत्याशी से फर्जी पत्रकारों द्वारा 1 लाख रुपए की डिमांड करने का मामला सामने आया है। डिमांड पूरी न होने पर प्रत्याशी की वीडियो गलत तरीके से वायरल करने के आरोप लगे हैं। बहरहाल, नग्गल थाना पुलिस ने फर्जी पत्रकार सतीश और गुरजीत समेत अन्य के खिलाफ धारा 383,499,120B के तहत केस दर्ज किया है।
नग्गल थाना एरिया के अंतर्गत आने वाले गांव सकराहो से सरपंच पद प्रत्याशी चनप्रीत सिंह ने बताया कि मंगलवार को उसके गांव में कथित कुछ फर्जी पत्रकार सतीश और गुरजीत आए। यहां कथित पत्रकारों ने उसकी सरपंच प्रत्याशी के रूप में बाइट ली। चनप्रीत सिंह ने बताया कि उसने वीडियो की क्वालिटी ठीक नहीं लगी।
आरोप है कि फर्जी पत्रकारों ने उससे 1 लाख रुपए की डिमांड की। जब उसने रुपए नहीं दिए तो उसकी वीडियो को गलत तरीके से एडिट करते वायरल कर दिया। नग्गल थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने सरपंच प्रत्याशी की शिकायत पर 2 फर्जी पत्रकारों को नामजद करते हुए धारा 383,499 व 120B के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करके पूछताछ की जाएगी।

