Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

दिग्विजय चौटाला समेत जजपा कई नेताओं पर FIR…प्रोग्राम में हंगामा करने का आरोप

हरियाणा के कुरुक्षेत्र स्थित कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी में प्रॉपर्टी को नुकसान पहुंचाने और हंगामा करने के आरोप में यूथ जजपा के अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। इस मामले में जजपा और इनसो के कई पदाधिकारियों को भी नामजद किया गया है।

यह मामला 7 अप्रैल को यूनिवर्सिटी के डॉ. आरके सदन में आयोजित एक कार्यक्रम से जुड़ा है। आरोप है कि सोशल प्रोग्राम की आड़ में राजनीतिक गतिविधियां की गईं और कार्यक्रम के दौरान हंगामा हुआ, जिसमें यूनिवर्सिटी की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया।

यूनिवर्सिटी के चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर आनंद कुमार की शिकायत पर 17 अप्रैल को थाना KUK में केस दर्ज किया गया। इससे पहले केयू प्रशासन ने हिंदी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर अजायब सिंह को भी सस्पेंड कर दिया था, जिनके माध्यम से कार्यक्रम की बुकिंग करवाई गई थी।

शिकायत के अनुसार, कार्यक्रम में 300 से 400 लोग शामिल हुए, जिनमें बाहरी लोग भी थे। कार्यक्रम के दौरान ड्रग अवेयरनेस की बजाय राजनीतिक भाषण दिए गए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। हंगामे के दौरान करीब 80 कुर्सियां तोड़ दी गईं और अन्य संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा।

पुलिस ने सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने कार्यक्रम की वीडियो भी पुलिस को सौंपी है।

वहीं, इनसो की ओर से कुर्सियां टूटने की बात स्वीकार करते हुए नुकसान की भरपाई करने की बात कही गई है। दूसरी ओर, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने भी कार्यक्रम को लेकर हंगामा और अन्य गंभीर आरोप लगाए थे।

Exit mobile version