Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में मलाइका अरोड़ा के कार्यक्रम आयोजकों पर FIR:रोहतक पहुंची थी बॉलीवुड अभिनेत्री; पुलिस बोली- बिना परमिशन कार्यक्रम, रोड जाम किया

रोहतक में बॉलीवुड अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा के कार्यक्रम के संचालकों पर पुलिस ने FIR दर्ज कर दी है। मलाइका अरोड़ा 7 अप्रैल को एक शोरूम का उद्घाटन करने पहुंची थी। जिसके कारण रोड पर जाम की स्थिति पैदा हो गई। वहीं बिना अनुमति कार्यक्रम का टेंट लगाया गया था। इसके बाद सिविल लाइन थाना में यह कार्रवाई की गई है।

ट्रैफिक पुलिस के ASI राजेश कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। उनकी ड्यूटी बजरंग भवन फाटक से अंबेडकर चौक पुरानी आईटीआई व नया बस अड्डा रोड पर यातायात को सुचारू रूप से चलाने के लिए लगी हुई है। जब वे ट्रैफिक व्यवस्था के लिए गश्त पर थे तो देखा कि बजरंग भवन फाटक से पहले झंग कालोनी में एक ज्वैलर्स का शोरूम बना है।

उन्होंने बताया कि शोरूम के सामने सड़क के किनारे पर टेंट लगा हुआ था। जिसके संचालकों को बार-बार सड़क से टेंट हटाने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने बार-बार कहने पर भी टेंट नहीं हटाया। टेंट लगने से सड़क पर आने-जाने वाले वाहन चालकों को आमजन को सड़क पर चलने में परेशानी हो रही थी।

उन्होंने बताया कि 7 अप्रैल को ज्वैलर्स के शोरूम के उद्घाटन समारोह में फिल्म अभिनेत्री मलाईका अरोड़ा को आमंत्रित किया हुआ था। जिसके आने पर सड़क पर शोरूम के सामने काफी भीड़ हो गई। जिससे सड़क पर लोगों को काफी परेशानी हुई। शोरूम संचालकों ने बगैर प्रशासनिक अधिकारियों की अनुमति लिए शोरूम के सामने उद्घाटन समारोह का आयोजन करके आमजन को परेशान किया है। इसलिए उनके खिलाफ शिकायत दी गई है।

सिविल लाइन थाना प्रभारी जगबीर सिंह ने बताया कि रोड पर बिना अनुमति आयोजन करने व ट्रैफिक व्यवस्था में बाधा पहुंचाने की शिकायत मिली। शिकायत के आधार पर शोरूम संचालकों राकेश गोयल, राजेश बत्रा और अमित बत्रा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। उनके खिलाफ IPC की धारा 283 लगाई गई है। केस दर्ज करके जांच की जा रही है।

Exit mobile version