हरियाणा के यमुनानगर जिले में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर चेतना कांबोज की एक वीडियो के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि मामला पुलिस तक पहुंच गया। गांव धानपुरा की लेडी सरपंच ने इन्फ्लुएंसर के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट में केस दर्ज करवाया है।

असल में, चेतना कांबोज नाम की इन्फ्लुएंसर ने दो वीडियो वायरल किए। एक वीडियो में तो रोड पर ट्रैक्टर खड़ा था। कुछ महिलाओं स्कूटी पर खड़ी थी और उन्हें जाने के लिए रास्ता नहीं मिल रहा था। वहां मौजूद कुछ लोगों ने इन महिलाओं को बताया कि ट्रैक्टर सरपंच का है।

दूसरी वीडियो में सरपंच और उसके पति से इसी बात को लेकर इन्फ्लुएंसर से बहस होती दिख रही है। इन्हीं वीडियो के आधार पर लेडी सरपंच पिंकी देवी ने केस दर्ज कराते हुए शिकायत में कहा कि सोशल मीडिया पर उन्हें व गांव को बदनाम किया।

उधर, एफआईआर दर्ज होने के सवाल पर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर का आरोप है कि उसके ऊपर ऑनलाइन आकर माफी मांगने का दबाव बनाया जा रहा है। वह चाहे तो अपलोड किए गए वीडियो को डीलिट कर सकती है, लेकिन जो गलती उसने की ही नहीं, वह उसके लिए माफी कैसे मांग ले।

पहले 1 मिनट 37 सेकेंड के वीडियो में धानुपुरा गांव में बरसाती नदी पर बनी पुलिया की मरम्मत का काम चलता दिखाई दे रहा है। पुलिया के आगे पानी के टैंकर के साथ एक ट्रैक्टर खड़ा है, जिससे रास्ते पर आवाजाही रुकी हुई नजर आती है। दो महिलाएं स्कूटी लेकर वहां खड़ी हैं। इसी दौरान इन्फ्लुएंसर भी मौके पर पहुंचती है और वीडियो बनाते हुए रास्ता बंद होने से लोगों को परेशानी होने की बात कहती है।

वीडियो में काम कर रहा एक व्यक्ति महिलाओं को नदी की साइड से स्कूटी निकालकर ले जाने की बात कहता है। इस पर महिलाएं गिरने की स्थिति में जिम्मेदारी को लेकर सवाल करती हैं। चेतना भी कहती है कि अगर एक-एक करके लोग आएंगे तो सभी की स्कूटी कौन निकालेगा। वीडियो में इस दौरान चेतना और मौके पर मौजूद लोगों के बीच बहस होती भी दिखाई देती है। वह यह भी कहती सुनाई देती है कि सड़क का काम होना अच्छी बात है, लेकिन रास्ता बंद होने से आने-जाने वाले लोगों को परेशानी हो रही है।

दूसरा 1 मिनट 2 सेकेंड का वीडियो सरपंच पिंकी देवी के घर के बाहर का है। वीडियो में युवती कह रही है कि ये देख लो यह आदमी धानुपुरा का है और उसे साफ-साफ धमकी दे रहा है कि अगर तुने धानुपुरा की वीडियो डाली तो मैं ये कर दूंगा और वो कर दूंगा। वीडियो में सरपंच पति घर की ओर आते नजर आ रहे हैं। ऐसे में चेतना कहती है कि अब क्यों भागा जा रहा अब रुक।

सरपंच पिंकी युवती को शांत कराने का प्रयास करती है। कहती है कि तुम्हें कहा था कि तुम्हारी स्कूटी को रास्ते में से निकालकर दे देंगे। युवती कहती है कि मेरे आगे और पीछे और भी औरतें थीं वे भी परेशान थीं। हम यह नहीं कह रहे कि काम गलत हो रहा। काम बढ़िया हो रहा है, लेकिन रास्ता रोकना बिल्कुल गलत है।

सरपंच पिंकी भी घर की ओर जाने लगती है। युवती कहती है कि कमाल है सही के लिए क्या बोलेंगे उल्टा लड़ने आ रहे हैं। धानुपुरा में और भी लोग हैं और इज्ज्तदार हैं।

सरपंच के पति सचिन के अनुसार, गांव में बरसाती नदी के ऊपर बनी पुलिया की रिपेयरिंग का काम चल रहा है। निर्माण कार्य के चलते वहां से आवाजाही कुछ प्रभावित थी। इसी दौरान चेतना वहां पहुंची और काम कर रहे लोगों के साथ बहस करने लगी। सचिन का आरोप है कि इसके बाद वह उनके घर पहुंची और वहां सरपंच दंपती के साथ विवाद करते हुए जातिसूचक शब्द कहे।

सरपंच पिंकी देवी ने शिकायत में आरोप लगाया कि चेतना कांबोज सोशल मीडिया पर लगातार वीडियो पोस्ट करती है। उसके द्वारा धानुपुरा गांव को बदनाम करने संबंधी कई वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए हैं। इतना ही नहीं आरोपी महिला ने पोस्ट में बाबा साहेब डॉ. बीआर अंबेडकर के बारे में भी गलत बातें कही हैं।

उधर, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर चेतना ने बताया कि उन्होंने सरपंच और उनके पति को किसी प्रकार के जातिसूचक शब्द नहीं कहे हैं। पुलिया पर काम चलने से हो रही परेशानी की वीडियो उसने डाली थी, जिसके अगले दिन वह अपने काम से स्कूटी पर जा रही थी।

इसी दौरान सरपंच और उसके पति ने उसका रास्ता रोक लिया और कई गलत बातें कहकर धमकियां दी। जब उसने उनकी वीडियो रिकॉर्ड करने के लिए मोबाइल का कैमरा ऑन किया तो सरपंच पति अपने घर की ओर भागने लगा। चेतना का कहना है कि उसके ऊपर अब ऑनलाइन आकर माफी मांगने का दबाव बनाया जा रहा है। वह चाहे तो अपलोड किए गए वीडियो को डीलिट कर सकती है, लेकिन जो गलती उसने की ही नहीं, वह उसके लिए माफी कैसे मांग ले।

रादौर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि सरपंच की शिकायत पर युवती के खिलाफ मामले दर्ज कर लिया गया है। मामला एससी-एसटी एक्ट से जुड़ा है तो इसलिए इसमें जांच डीएसपी सुनील द्वारा की जा रही है। घटना के वीडियो और अन्य साक्ष्यों को ध्यान में रखकर जांच जारी है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!