Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

विशाल को खत्म कर दिया, आकर ले जाओ’…मां से अफेयर के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या

हरियाणा के सोनीपत में कथित प्रेम प्रसंग के शक में 26 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि पड़ोसी परिवार के लोगों ने युवक को खेतों में ले जाकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपियों ने मृतक के पिता को फोन कर कहा, “विशाल को खत्म कर दिया है, यहां से उठाकर ले जाओ।”

मृतक की पहचान विशाल (26) के रूप में हुई है, जो राई इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक निजी कंपनी में प्लांट ऑपरेटर के तौर पर काम करता था। वह मूल रूप से मेरठ के खंदावली गांव का रहने वाला था और परिवार के साथ सोनीपत के राई क्षेत्र में रह रहा था।

मृतक के पिता शिवकुमार के अनुसार, शनिवार रात पड़ोसी अनुज का फोन आया। फोन पर पीछे से विशाल के चिल्लाने की आवाज सुनाई दे रही थी। जब उन्होंने बेटे से बात कराने को कहा, तो आरोपी ने कथित तौर पर कहा, “विशाल को खत्म कर दिया है, यहां से उठाकर ले जाओ।” मौके पर पहुंचने पर पता चला कि विशाल की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पड़ोसी ओमबीर को शक था कि विशाल का उसकी पत्नी के साथ प्रेम संबंध था। इसी वजह से उसका बेटा अनुज विशाल से रंजिश रखता था। पिता ने यह भी आरोप लगाया कि ओमबीर ने विशाल से ₹40 हजार उधार लिए थे और पैसे मांगने पर विवाद बढ़ गया।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version