Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

CJP के आंदोलन पर बनेगी फिल्म ‘द एक्सीडेंटल कॉकरोच पार्टी’, स्क्रिप्ट राइटर गोविंद देव का दावा— प्रोटेस्ट के पीछे की सच्चाई आएगी सामने

जयपुर। दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक को लेकर हुए CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) के आंदोलन पर अब फिल्म बनने जा रही है। जयपुर के लेखक और स्क्रिप्ट राइटर गोविंद देव ‘ब्रह्म’ ने ‘द एक्सीडेंटल कॉकरोच पार्टी’ नाम से फिल्म बनाने की घोषणा की है। उनका कहना है कि फिल्म आंदोलन के दौरान सामने आई घटनाओं के साथ-साथ उन पहलुओं को भी दिखाएगी, जो आम लोगों तक नहीं पहुंच सके। गोविंद देव ने बताया कि फिल्म की स्क्रिप्ट वह स्वयं लिख रहे हैं, जबकि फिल्म के निर्माता और निर्देशक को लेकर मुंबई में बातचीत जारी है। हाल ही में फिल्म का पोस्टर भी जारी किया गया है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि नीट पेपर लीक के खिलाफ छात्रों का आंदोलन पूरी तरह जायज़ था और प्रभावित छात्रों की मांगों का वह समर्थन करते हैं। उनका कहना है कि फिल्म छात्रों के दर्द, भविष्य और आत्महत्या जैसे संवेदनशील मुद्दों को भी गंभीरता से पेश करेगी। हालांकि, गोविंद देव का दावा है कि आंदोलन के दौरान कुछ लोगों ने छात्रों के असली मुद्दे का इस्तेमाल अपने अलग राजनीतिक उद्देश्यों के लिए करने की कोशिश की। उनके अनुसार, फिल्म इसी कथित राजनीतिक पहलू और आंदोलन के पीछे की परतों को सामने लाने का प्रयास करेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि फिल्म में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का उल्लेख होगा, लेकिन फिल्म का मुख्य फोकस इस्तीफा नहीं बल्कि आंदोलन के पीछे की कथित सच्चाई और घटनाक्रम रहेगा।गोविंद देव ‘ब्रह्म’ इससे पहले कई टीवी और फिल्मी प्रोजेक्ट्स पर काम कर चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि ‘राखी का स्वयंवर’ की स्क्रिप्ट भी उन्होंने लिखी थी तथा ‘अधूरी ख्वाहिश’ जैसी फिल्म का लेखन और निर्माण भी किया है। वर्तमान में वह अध्यात्म और सनातन से जुड़े विषयों पर कार्य कर रहे हैं।फिल्म का उद्देश्य, गोविंद देव के अनुसार, छात्रों के आंदोलन, पेपर लीक और उससे जुड़े घटनाक्रम को एक अलग दृष्टिकोण से प्रस्तुत करना तथा आंदोलन के पीछे की कथित सच्चाई को दर्शकों के सामने लाना है।

Exit mobile version