Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

गोहाना में किन्नर के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग:एरिया छोड़ने की दी जा रही थी धमकियां; बाइक सवारों ने 7-8 फायर किए

गोहाना में किन्नरों के बीच चल रहे विवाद में बीती रात को एक किन्नर के घर के बाहर गोलियां चल गई। बाइक पर सवार होकर आए दो युवकों ने 7-8 गोलियां चलाई। दोनों सीसीटवी में भी कैद हुए हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

गोहाना की मेन मार्केट में खासा स्कूल वाली गली में रहने वाली अन्नु किन्नर चेला स्वीटी किन्नर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बीती रात को वह अपने घर पर कमरे में आराम कर रही थी। रात को 9.15 बजे के करीब उसके घर के सामने करीब 7/8 राउंड फायर हुए। जब पहला फायर हुआ तो उसे लगा कि पटाखे की आवाज है। उसने तुरंत अपने घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की तरफ देखा तो 2 लड़के मोटर साइकिल पर बैठे थे।

दोनों युवकों ने मुंह पर कपड़ा बांधा हुआ था। उन में से एक बाइक पर बैठा था, दूसरे के हाथ में पिस्तौल थी और वह लगातार गोलियां चला रहा था। फिर उसने दूसरी पिस्तौल निकाली और उससे भी उनके घर पर फायर किया। अन्नु किन्नर का कहना है कि उसे पूरा विश्वास है कि यह हमला उन पर उर्मिला किन्नर निवासी सलारा मोहल्ला रोहतक, लीली किन्नर निवासी कलानौर और सीनू किन्नर सफीदों ने उनको डराने और दहशत फैलाने व जान से मारने के लिए करवाया है।

अन्नु ने बताया कि इससे पहले भी किन्नर समाज की पंचायत में इन्होंने हमें जान से मारने की धमकी दी थी। वो कहते हैं कि गोहाना, रोहतक का सारा एरिया छोड़कर कही भाग जाओ नहीं तो तुम्हें जान से मार देगे।

गोहाना सिटी थाना के SI अमरदीप ने बताया कि अन्नु किन्नर के घर के बाहर फायरिंग की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची। सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने विरोधी किन्नरों व अन्य पर धारा 285, 120B, 506 IPC व 25-54-59 आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस गोली चलाने वालों की पहचान के प्रयास कर रही है।

Exit mobile version