Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

महिला हेड कांस्टेबल 15 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार…

नूंह के तावडू सदर थाने में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है। थाने में तैनात महिला हेड कांस्टेबल प्रियंका को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।

प्रियंका हाल ही में दर्ज हुए एक रेप केस की जांच अधिकारी थीं। आरोप है कि उन्होंने मामले में एक व्यक्ति का नाम हटाने के बदले रिश्वत की मांग की थी।

जानकारी के मुताबिक, करीब चार दिन पहले तावडू सदर थाना क्षेत्र में रेप का केस दर्ज हुआ था। मामले की जांच हेड कांस्टेबल प्रियंका कर रही थीं। आरोप है कि जांच के दौरान एक अन्य व्यक्ति को भी केस में आरोपी बनाए जाने की बात सामने आई।

केस से नाम हटाने के लिए मांगे 15 हजार

आरोप है कि प्रियंका ने उक्त व्यक्ति का नाम केस से हटाने के एवज में उसकी पत्नी से 15 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। इसके बाद महिला ने ACB को शिकायत दी।

शिकायत का सत्यापन करने के बाद ACB ने ट्रैप की योजना बनाई। तय योजना के अनुसार महिला रिश्वत की रकम लेकर तावडू सदर थाने पहुंची।

जैसे ही प्रियंका ने महिला से 15 हजार रुपए लिए, ACB की टीम ने मौके पर दबिश दे दी। टीम ने प्रियंका को रिश्वत की रकम के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

थाने में मचा हड़कंप

ACB की कार्रवाई थाने के अंदर ही होने से पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। टीम आरोपी हेड कांस्टेबल को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

अब जांच एजेंसी यह भी पता लगा रही है कि रिश्वत के इस मामले में प्रियंका के अलावा कोई अन्य पुलिसकर्मी या व्यक्ति शामिल था या नहीं।

Exit mobile version