Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

महिला DSP ने वकील को बीच चौराहे मारा थप्पड़, राजस्थान में बवाल बढ़ने पर मांगी माफी

बीते दिनों राजस्थान के किशनगढ़ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ। वायरल वीडियो में एक महिला पुलिसकर्मी बीच चौराहे पर एक शख्स को थप्पड़ मारती है। थप्पड़ मारने के बाद पता चला कि जिसे थप्पड़ मारा था वो वकील था। इतने में शहर के सैकड़ों की संख्या में वकीलों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के बाद अब महिला डीएसपी अंजू ने ने वीडियो जारी कर माफी मांग ली है। माफी मांगते हुए अंजू ने कहा कि उन्होंने आवेश में आकर ऐसा कर दिया था। उनकी किसी के प्रति कोई दुर्भावना नहीं है।

मामला कुछ दिन पहले का है। किशनगढ़ में ट्रैफिक संचालन और चेकिंग के दौरान एक वकील को महिला डीएसपी बीच चौराहे पर थप्पड़ जड़ देती हैं। वकील को कुछ समझ नहीं आता कि उन्हें थप्पड़ क्यों मारा गया। जब इस बात की सूचना वकील बाबूलाल बगाड़िया ने अपने साथी वकीलों को दी, तो वकीलों में आक्रोश व्याप्त हो गया और वकीलों ने डीएसपी अंजू यादव के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान वकीलों ने डीएसपी के खिलाफ ऐक्शन की मांग की और कहा कि उन्हें माफी मांगनी चाहिए। अब डीएसीप अंजू का माफी मांगते हुए वीडियो सामने आया है।

9 अक्टूबर को किशनगढ़ में चेकिंग के दौरान एक वकील को थप्पड़ मारने के मामले में डीएसपी अंजू यादव ने माफी मांग ली है। अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर वीडियो जारी करते हुए अंजू यादव ने वकील बाबूलाल बगाड़िया को अपने बगल में बैठाकर वीडियो बनाया और उनसे माफी मांगी। इस दौरान अंजू यादव ने बताया कि 9 अक्टूबर को ड्यूटी के दौरान उन्होंने बाबूलाल को आवेश में आकर थप्पड़ मार दिया था। उन्होंने कहा कि उनकी किसी के प्रति कोई दुर्भावना नहीं है। अंजू यादव ने कहा कि पुलिस और वकीलों के बीच हमेशा से एक अच्छा संबंध चला आ रहा है दोनों एक-दूसरे के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध रहता है। अंजू यादव ने कहा कि उनका प्रयास है कि वकीलों और पुलिसकर्मियों के बीच ये सौहार्दपूर्ण संबंध हमेशा बना रहे।

डीएसपी अंजू यादव और पीड़ित वकील बाबूलाल बगाड़िया दोनों ने साथ बैठकर वीडियो बनाया और अंजू यादव के माफी मांगने के बाद बाबूलाल ने कहा कि इन्होंने जो गलती की थी, उसे स्वीकार कर लिया है। बाबूलाल ने कहा कि अंजू यादव की माफी के बाद उन्होंने अंजू को माफ कर दिया है और वो ये माफी बिना किसी दबाव के दे रहे हैं। उन्होंने राजस्थान बार एसोसिएशन के साथ ही जयपुर बार एसोसिएशन का धन्यवाद किया और कहा कि अब वो अंजू यादव के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करना चाहते हैं।

Exit mobile version