Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

करनाल में सनसनीखेज मर्डर: घर के बाहर बैठी महिला क्लर्क को सिर में मारी गोली, हेलमेट पहनकर आया था कातिल

हरियाणा के करनाल में शुक्रवार को दिनदहाड़े सनसनीखेज वारदात सामने आई। सेक्टर-9 में घर के बाहर स्कूटी पर बैठी महिला क्लर्क की अज्ञात युवक ने सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी हेलमेट पहनकर आया था और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया। गोली चलने की आवाज सुनकर इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

मृतका की पहचान डिंपल अरोड़ा (40) के रूप में हुई है। वह बिजली निगम में क्लर्क के पद पर तैनात थीं और कर्मचारी यूनियन की प्रधान भी थीं। घटना के बाद SP नरेंद्र बिजारणिया मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों से बातचीत की।

जानकारी के मुताबिक डिंपल अरोड़ा दोपहर को खाना खाने के लिए घर आई थी। अचानक तेज आवाज आई। आसपास के लोग बाहर आए तो डिंपल अरोड़ा जमीन पर गिरी हुई थी। शुरुआत में लोगों को लगा कि शायद उसे चक्कर आया है। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन सिर से खून बह रहा था। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। दिलबाग सिंह के मुताबिक उन्होंने CCTV फुटेज चेक कि तो पता चला कि दोपहर को डिंपल घर के बाहर स्कूटी पर थी, तभी एक अज्ञात युवक हेलमेट लगाकर आया और उसके सिर में गोली मार दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version