रोहतक के महम में एक युवक ने प्राइवेट स्कूल संचालिका से तंग आकर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। उसकी अलमारी में सुसाइड नोट भी मिला है। वहीं पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट परिवार वालों ने शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन कर रोड जाम कर दिया। जाम की सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्हें समझाने का प्रयास किया।
पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत पर 7 लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर लिया है। वहीं एएसपी ने मौके पर पहुंचकर लोगों को इस मामले में सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। जिसके बाद लोग जाम खोलने को राजी हुए। जिसके बाद मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिवार वालों को सौंप दिया।
महम निवासी प्रियंका ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पति सन्नी ने 19 अक्टूबर को बताया था कि महम की ही एक महिला ने उसे षड्यंत्र के तहत फंसाया है। जो कई लाख रुपए ऐंठ चुकी है। उसने पैसे वापस करने के लिए घर बुलाया है। उन्होंने बताया कि सुबह करीब साढ़े 10 बजे पति महिला के घर जाने के लिए निकला।
सन्नी ने बहन से कहा था कि महिला ने आज भी उसे धोखा दिया। जिसके कारण वह जहरीला पदार्थ सल्फास पीने को मजबूर है। पत्नी और बच्चों का ध्यान रखना। मजबूर होकर यह कदम उठाना पड़ रहा है। इसके बाद सन्नी ने परिवार से माफी मांगते हुए फोन काट दिया।
प्रियंका ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि उसका पति सन्नी महिला के घर से जा चुका है। इसके बाद परिवार वालों को सन्नी के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिली। जिस सूचना पर परिवार वाले अस्पताल में पहुंचे। शुक्रवार अल सुबह चिकित्सकों ने सन्नी को मृत घोषित कर दिया।
सन्नी की मौत पर पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट परिवार वालों ने रोड पर जाम लगा दिया। पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। ताकि सन्नी को न्यास मिल सके। महम सदर थाना के बाहर भी पीड़ित परिवार और लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया।

आरोपी महिला प्राइवेट स्कूल की संचालक व प्रिंसिपल भी हैं। जिस पर मृतक सन्नी को षड्यंत्र के तहत फंसाने व आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया गया है। जो मृतक के साथ पिछले काफी समय से संपर्क में थी।
