Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

गुरुग्राम में तेंदुओं का खौफ: गौशाला के सीसीटीवी में दिखे; 10 गायों को बना चुके शिकार- अकेले बाहर ना घूमने की हिदायत

गुरुग्राम के एक गांव में तेंदुआ देखे जाने के बाद दहशत का माहौल है। तेंदुआ गोशाला में लगे सीसीटीवी में कैद हुआ है। ग्रामीणों कि मानें तो तेंदुए गौशाला में घुस कर 10 गायों का शिकार कर चुके हैं। सूचना के बाद वाइल्ड लाइफ विभाग के कर्मी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों का कहना है कि वे केवल लीपापोती कर रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार गुरुग्राम के गांव टिकली में तेंदुओं का आतंक सामने आया है। बीती रात दो तेंदुए गांव की गौशाला में लगे सीसीटीवी में दिखाई दिए। एक तेंदुआ दीवार फांद कर अंदर आता हुआ दिखा। गांव में तेंदुओं को देखे जाने के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि एक महीने के दौरान तेंदुए ने उनके गांव की गौशाला की 10 गायों को अपना शिकार बना चुके हैं।

टिकली गांव में तेंदुआ देखे जाने की सूचना वाइल्ड लाइफ विभाग को दी गई। अधिकारी गांव का दौरा कर चुके हैं। तेंदुओं को पकड़ने के लिए एक जाल भी दिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि वे विभाग की इस कार्यवाही से बिल्कुल भी संतुष्ट नहीं हैं। यहां केवल लीपा पोती का काम किया जा रहा है।

वाइल्ड लाइफ अधिकारी राजेश चहल के मुताबिक टिकली गांव अरावली की श्रृंखला में बसा हुआ है। ये गौ शाला अरावली के बिल्कुल सटके बनी हुई है। पहले भी शिकायत आ चुकी है कि तेंदुआ आया और गाय का शिकार कर चला गया। आज भी जब अधिकारी वहां गए तो देखा कि गाय का शिकार हो रखा है। सीसीटीवी भी देखा गया, जिसमें दो तेंदुए कैद हुए हैं।

राजेश चहल के मुताबिक अच्छी बात है कि तेंदुए बढ़ रहे है और अरावली में तेंदुए देखने को मिले हैं। लेकिन हम इसके लिए भी तैयार हैं कि कोई अनहोनी घटना न हो। इसलिए गौशाला और गांव वासियों को सचेत रहने को कहा गया है। बाहर जंगल के अंदर से जानवर को नही पकड़ा जा सकता और ये ठीक भी नही है। इसलिए गांव वालों को कहा गया है कि आप सचेत रहें, क्योंकि गौ शाला में गाय है और बछड़े है।

वाइल्ड लाइफ अधिकारी राजेश चहल के मुताबिक आने वाले दिनों में हो सकता है कि इंसान और तेंदुए आमने सामने हो जाएं। इसकी वजह ये भी है कि अरावली में अवैध फार्म हाउस बनाए जा रहे हैं। इनसे जानवरों को परेशानी होती है। हालाकि अभी तक ऐसा कोई मामला सामने नही आया, जिसमें तेंदुए ने इंसान पर अटैक किया हो, लेकिन आगे ऐसा हो सकता है। अधिकारी ने बताया कि तेंदुए की काउंटिंग 2016-17 में हुई थी, तब 31 थे लेकिन वो अब बढ़ कर 55 से 65 हो गए हैं।

Exit mobile version