Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

पिता ही बना हैवान! 5 साल की बेटी को भाखड़ा नहर में फेंका, पंजाब में मिला शव


हरियाणा के फतेहाबाद जिले के रतिया क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। खूनन गांव निवासी एक व्यक्ति पर अपनी पांच वर्षीय बेटी गुरुनिवास कौर को भाखड़ा नहर में धक्का देकर हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद आरोपी घर पहुंचा और पत्नी से कहा कि उसने बेटी को नहर में फेंक दिया है। यह सुनते ही परिवार में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण नहर किनारे पहुंचे तथा बच्ची की तलाश शुरू कर दी। बाद में SDRF की टीम को भी बुलाया गया। करीब साढ़े तीन घंटे की तलाश के बाद बच्ची का शव पंजाब के मानसा जिले के फतेहपुर गांव के पास नहर से बरामद हुआ। स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रतिया भेज दिया, जहां पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।

स्कूल से जल्दी छुट्टी कराकर ले गया

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे आरोपी गुरप्रीत सिंह अपनी बेटी गुरुनिवास कौर के स्कूल पहुंचा। पिता के कहने पर स्कूल प्रशासन ने बच्ची की छुट्टी कर दी। इसके बाद वह उसे अपने साथ ले गया।

नहर में धक्का देने का आरोप

बताया जा रहा है कि करीब 11:30 बजे गुरप्रीत सिंह रतिया स्थित भाखड़ा नहर के पास पहुंचा और कथित रूप से बच्ची को नहर में धक्का दे दिया। इसके बाद वह अकेला घर लौट आया और पत्नी को घटना की जानकारी दी।

पंजाब में मिला शव

ग्रामीणों और SDRF की टीम ने कई घंटों तक नहर में तलाश अभियान चलाया। दोपहर करीब तीन बजे पंजाब के मानसा जिले के फतेहपुर गांव के पास ग्रामीणों को नहर में एक बच्ची का शव दिखाई दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान गुरुनिवास कौर के रूप में हुई।

दूसरी बेटी की भी हो चुकी है मौत

ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी गुरप्रीत सिंह मानसिक रूप से बीमार बताया जाता है और उसका इलाज हिसार के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। परिवार की दूसरी बेटी की भी पहले संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो चुकी है। गुरुनिवास बहबलपुर स्थित रॉयल पब्लिक स्कूल में पढ़ती थी।

पुलिस कर रही जांच

रतिया सदर थाना प्रभारी शीशपाल सिंह ने बताया कि बच्ची का शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आरोपी की मानसिक स्थिति समेत पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

Exit mobile version