Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

लिव इन में रहने वाले 2 बच्चों के पिता ने किया सुसाइड…लिव-इन पार्टनर पर उकसाने का आरोपपरिवार बोला- पहले पति की भी हुई थी संदिग्ध मौत

हरियाणा के पानीपत में थाना चांदनी बाग क्षेत्र के सेक्टर-11 से एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान दत्ता कॉलोनी निवासी सचिन के रूप में हुई है, जो दो बच्चों का पिता था। परिजनों ने उसकी लिव-इन पार्टनर नेहा पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है।

परिजनों के अनुसार, 18 जुलाई की रात करीब 8:30 बजे सचिन के मोबाइल पर नेहा का फोन आया था। इसके बाद उसने अपनी पत्नी को कॉल कर बताया कि वह किसी जरूरी काम से बाहर जा रहा है और थोड़ी देर में लौट आएगा। हालांकि वह वापस नहीं आया। रात करीब 11:30 बजे पुलिस ने सचिन के साले जगत सिंह को फोन कर उसकी मौत की सूचना दी।

परिजन मौके पर पहुंचे तो पता चला कि सचिन सेक्टर-11 स्थित नेहा के पास गया था। इसके बाद उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

डेढ़ साल पहले हुई थी पहचान

परिजनों का कहना है कि करीब डेढ़ साल पहले फैक्ट्री में काम के दौरान सचिन और नेहा की पहचान हुई थी। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और बाद में सचिन अपनी पत्नी और दो बच्चों को छोड़कर नेहा के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगा। नेहा मूल रूप से मध्य प्रदेश के इंदौर की रहने वाली बताई जा रही है और फिलहाल पानीपत के सेक्टर-11 में रह रही थी।

परिजनों का गंभीर आरोप

परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत में दावा किया है कि नेहा के पहले पति की भी संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या हुई थी। उनका आरोप है कि नेहा ने सचिन को मानसिक रूप से इतना प्रताड़ित किया कि उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। उन्होंने नेहा के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार करने की मांग की है।

पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलने पर चांदनी बाग थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल भेज दिया। थाना प्रभारी के अनुसार, परिजनों की शिकायत के आधार पर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। नेहा से पूछताछ की जाएगी और सचिन के मोबाइल की कॉल डिटेल (CDR) सहित अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

नोट: फिलहाल नेहा के खिलाफ लगाए गए आरोप परिजनों के हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों तथा किसी की जिम्मेदारी पर अंतिम निष्कर्ष सामने आएगा।

Exit mobile version