Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

पिता ने की 3 माह की बेटी की हत्या…नाले में मिला बच्ची का शव


हरियाणा के करनाल में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। घरेलू विवाद के चलते एक युवक ने अपनी 3 महीने की मासूम बच्ची की हत्या कर शव को मुगल कनाल नाले में फेंक दिया। घटना का खुलासा तब हुआ, जब बच्ची की मां ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लेकर नाले में सर्च अभियान चलाया और कुछ देर बाद बच्ची का शव बरामद कर लिया।

मृतक बच्ची की पहचान 3 माह की दिव्यांशी के रूप में हुई है। बच्ची की मां अनीता ने बताया कि उसकी शादी 6 साल पहले यूपी के बहराइच निवासी सोनू से हुई थी। दोनों की एक 3 साल की बेटी भी है। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसके चलते अनीता पिछले दो महीने से अपने मायके में रह रही थी।

अनीता के मुताबिक, रविवार रात सोनू शराब के नशे में उसके मायके पहुंचा और झगड़ा करने लगा। इसी दौरान उसने 3 महीने की दिव्यांशी को उसकी गोद से छीन लिया और बाहर चला गया। कुछ देर बाद जब वह लौटा तो उसके हाथ खाली थे। पूछने पर उसने बताया कि बच्ची को सब्जी मंडी के पीछे नाले में फेंक दिया है। यह सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को साथ लेकर नाले में तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने बच्ची का शव बरामद कर लिया। इसके बाद आरोपी सोनू को गिरफ्तार कर लिया गया।

सिविल लाइन थाना प्रभारी रामलाल ने बताया कि परिवार करीब चार महीने पहले ही करनाल में आकर रहने लगा था। आरोपी सोनू दुकानों में पानी के कैंपर सप्लाई करने का काम करता था। बच्ची की मां के आरोप के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version