Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

ससुर ने तीन बार किया रेपदहेज के लिए 51 लाख और फॉर्च्यूनर की मांग के करा दिया अबॉर्शन

गुरुग्राम में एक महिला ने अपने पति, सास-ससुर, ननदों समेत 11 लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, रेप, मारपीट और गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद से ही उससे 51 लाख रुपए नकद और एक फॉर्च्यूनर कार की मांग की जा रही थी। विरोध करने पर उसे लगातार प्रताड़ित किया गया। इतना ही नहीं, उसने अपने ससुर पर तीन बार रेप करने का भी आरोप लगाया है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एक करोड़ खर्च करने के बाद भी दहेज से नहीं भरा मन

महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी 16 फरवरी 2021 को ओमी के साथ हुई थी। उसके माता-पिता ने शादी में करीब एक करोड़ रुपए खर्च किए थे। इसके अलावा सोने के आभूषण, नकदी और घरेलू सामान भी दिया गया था।

आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति, सास-ससुर और ननदें दहेज को लेकर ताने देने लगे। परिवार पर 51 लाख रुपए और एक फॉर्च्यूनर कार लाने का दबाव बनाया जाने लगा।

ज्वेलरी हड़पने और जबरन गर्भपात का आरोप

महिला का आरोप है कि शादी में मिली उसकी ज्वेलरी यह कहकर अपने कब्जे में ले ली गई कि जरूरत पड़ने पर वापस कर दी जाएगी, लेकिन बाद में लौटाने से इनकार कर दिया गया।

उसने आरोप लगाया कि पति अक्सर उसके साथ मारपीट करता था और परिवार के अन्य सदस्य उसे उकसाते थे। फरवरी 2022 में जब वह दो माह की गर्भवती थी, तब पति, सास, ससुर और ननदों ने मिलकर उसका जबरन गर्भपात करा दिया।

ससुर पर तीन बार रेप का आरोप

महिला ने अपनी शिकायत में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसके ससुर की शुरू से ही उस पर गलत नजर थी। वह अक्सर अश्लील हरकतें करता था।

पीड़िता का आरोप है कि अक्टूबर 2022 में ससुर ने उसके साथ रेप किया। जब उसने इसकी जानकारी अपने पति और सास को दी तो उन्होंने कार्रवाई करने के बजाय उसे चुप रहने के लिए कहा और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।

महिला का दावा है कि इसके बाद मार्च 2026 और 5 मई 2026 को भी उसके साथ दुष्कर्म किया गया।

गर्भवती होने के बावजूद पेट में मारी लातें

शिकायत के अनुसार 15 जनवरी 2026 को एक बार फिर 51 लाख रुपए और फॉर्च्यूनर कार की मांग की गई। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई।

महिला का आरोप है कि 11 जून 2026 को पति, सास, ननदों और अन्य लोगों ने उसके घर में घुसकर हमला किया। इस दौरान उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। आरोपियों ने मोबाइल और सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए तथा गर्भवती होने के बावजूद उसके पेट में लातें मारीं।

पीड़िता का कहना है कि इस हमले में उसके पिता, भाई और अन्य परिजनों के साथ भी मारपीट की गई।

गर्भ में ही बच्चे की मौत

महिला का आरोप है कि लगातार प्रताड़ना, मारपीट और धमकियों के कारण उसकी मानसिक और शारीरिक स्थिति खराब होती चली गई। उसने कहा कि मारपीट और जबरन दवाइयां देने के कारण गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो गई और बाद में मृत शिशु का जन्म हुआ।

पुलिस ने 11 लोगों को किया नामजद

सेक्टर-65 थाना प्रभारी रामबीर के अनुसार शिकायत के आधार पर पति ओमी, ससुर रामेश्वर, सास मुनेश, ननद पिंकी, ननद रिंकी समेत 11 नामजद आरोपियों और कुछ अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी आरोपों की पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version