Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में हत्या के आरोपी बाप-बेटा गिरफ्तार:रंजिश में डंडे-रॉड से किया था हमला; घायल की तीसरे दिन PGI में हुई मौत

रोहतक पुलिस ने गांव निंगाना में लड़ाई-झगड़े में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत मामले में शामिल आरोपी बाप-बेटे को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को अदालत में पेश करके 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

कलानौर थाना प्रभारी निरीक्षक देशराज ने बताया कि गांव निंगाना निवासी अमृत की शिकायत के आधार पर जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज किया गया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अमृत दो भाई व दो बहन हैं। अमृत के माता-पिता गुजर चुके हैं। अमृत का ऋषिपाल के परिवार के साथ काफी समय पहले झगड़ा हुआ था।

30 दिसंबर को इसी बात की रंजिश रखते हुए ऋषिपाल ने अमृत को गाली देना आरंभ कर दिया। अचानक से ऋषिपाल का बेटा रोहित व ऋषिपाल की पत्नी रेनू अपने घर से लोहे की रॉड व डंडा लेकर आ गए। ऋषिपाल भी डंडा लेकर आ गया।

रोहित ने रॉड से अमृत के भाई अमित पर जान से मारने की नीयत से वार किया। अमित चोट लगने के कारण नीचे गिर गया। वहीं, अमृत अपने भाई का बचाव करने आया तो उसके साथ भी मारपीट करने लगे। अमृत ने शोर मचाया तो उसकी बहन व पत्नी आई। ऋषिपाल और उसका परिवार धमकी देते हुए मौके से भाग गए।

चोट लगने से घायल हुए अमित को CHC कलानौर दाखिल करवाया गया। जिसे PGIMS रोहतक रेफर कर दिया। जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।

अमित की मौत के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी। जांच अधिकारी ASI सत्यवान ने कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। जांच के दौरान पुलिस ने गांव निंगाना निवासी आरोपी ऋषिपाल व उसेके बेटे रोहित को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी बाप-बेटे से पूछताछ कर रही है।

Exit mobile version