हरियाणा में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान का काम अंतिम चरण में पहुंच गया है। राज्य में अब केवल 18,650 मतदाताओं का सत्यापन बाकी है। निर्वाचन विभाग के मुताबिक 22 में से 16 जिलों में घर-घर जाकर फील्ड वेरिफिकेशन का काम पूरा हो चुका है, जबकि छह जिलों में अंतिम चरण का सत्यापन जारी है। अब तक 2.06 करोड़ मतदाताओं में से 99.91 फीसदी तक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) पहुंच चुके हैं।
1.72 करोड़ फॉर्म हुए डिजिटाइज
राज्य में कुल 2 करोड़ 6 लाख 55 हजार 929 मतदाता हैं। इनमें से 2 करोड़ 6 लाख 37 हजार 279 मतदाताओं तक बीएलओ पहुंच चुके हैं। वहीं 1 करोड़ 72 लाख 8 हजार 810 एन्यूमरेशन फॉर्म डिजिटाइज किए जा चुके हैं।
34.28 लाख मतदाता ‘अनकलेक्टेबल’ श्रेणी में
सत्यापन के दौरान 34 लाख 28 हजार 469 मतदाताओं के फॉर्म विभिन्न कारणों से एकत्र नहीं हो सके। इन्हें ‘अनकलेक्टेबल’ श्रेणी में रखा गया है। अंतिम जांच और दावों-आपत्तियों की प्रक्रिया के बाद इन मामलों पर फैसला होगा।
गुरुग्राम सबसे पीछे, फतेहाबाद सबसे आगे
फॉर्म डिजिटाइजेशन में फतेहाबाद ने सबसे बेहतर प्रदर्शन किया है। यहां 92.83 फीसदी फॉर्म डिजिटाइज हो चुके हैं। इसके बाद महेंद्रगढ़ (91.33%), चरखी दादरी (90.48%), भिवानी (90.02%) और सिरसा (89.96%) का स्थान है।
वहीं गुरुग्राम (69.79%), फरीदाबाद (72.68%), पंचकूला (76.12%), सोनीपत (80.32%), पानीपत (80.64%), रोहतक (80.81%), झज्जर (81.88%), अंबाला (82.41%) और करनाल (82.42%) में डिजिटाइजेशन की रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी रही।
गुरुग्राम-फरीदाबाद में सबसे ज्यादा ‘अनकलेक्टेबल’ मतदाता
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास के अनुसार सबसे अधिक ‘अनकलेक्टेबल’ मतदाता गुरुग्राम और फरीदाबाद में मिले हैं। फरीदाबाद में 5.12 लाख (27.12%) और गुरुग्राम में 4.56 लाख (29.38%) मतदाताओं के फॉर्म एकत्र नहीं हो सके। सोनीपत, करनाल, पानीपत और हिसार में भी ऐसे मतदाताओं की संख्या अपेक्षाकृत अधिक रही।
इसके विपरीत फतेहाबाद, महेंद्रगढ़, चरखी दादरी, भिवानी, सिरसा और कैथल में ‘अनकलेक्टेबल’ मतदाताओं का प्रतिशत सबसे कम दर्ज किया गया।
16 जिलों में पूरा हुआ फील्ड वेरिफिकेशन
निर्वाचन विभाग के अनुसार पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, सोनीपत, जींद, फतेहाबाद, सिरसा, भिवानी, रोहतक, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह, पलवल और चरखी दादरी में फील्ड वेरिफिकेशन पूरा हो चुका है।
अब सिर्फ गुरुग्राम (12,918), फरीदाबाद (3,684), हिसार (1,657), करनाल (223), झज्जर (162) और पानीपत (6) मतदाताओं का सत्यापन शेष है। इस अभियान के लिए पूरे प्रदेश में 20,629 बीएलओ तैनात किए गए थे। इनमें सबसे अधिक 1,650 बीएलओ फरीदाबाद और 1,504 गुरुग्राम में लगाए गए।
