Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक अनाज मंडी में किसानों का हंगामा: बोले खाद के साथ जबरदस्ती नैनो दवाई देने से बढ़ रहा आर्थिक बोझ

रोहतक की महम अनाज मंडी में खाद लेने आए किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिसके चलते किसानों ने सोमवार को अनाज मंडी में खाद बांट रहे कार्यालय के सामने अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए विरोध जताया। किसानों ने इकट्ठा होकर के कार्यालय के सामने अपना रोष प्रकट किया और जमकर नारेबाजी की।

किसानों ने कहा कि वे सुबह से खाद लेने के लिए लाइन में लगे हुए हैं, लेकिन खाद बांटने वाले अधिकारी जबरदस्ती खाद के कट्टों के साथ नैनो की दवाइयां भी दे रहे हैं। जिसकी जरूरत नहीं होते हुए भी किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। जिसका किसानों ने विरोध किया और मांग की कि नैनो दवाई साथ न दी जाए।

किसानों ने कहा कि खाद के साथ नैनो दवाई के पैकेट दिए जा रहे हैं। जिसकी कीमत करीब 240 रुपए है। जिसका सीधा नुकसान किसानों को भुगतना पड़ रहा है। किसानों ने कहा कि जो नैनो की स्कीम खाद के कट्टे के साथ है वह सरकार ने बंद कर रखी है और अधिकारियों की मिलीभगत के कारण जबरदस्ती किसानों को नैनो बेची जा रही है। बगैर नैनो दवाई के किसानों को खाद नहीं दिया जा रहा।

किसानों ने सरकार से मांग की कि जल्द से जल्द अधिकारियों पर लगाम लगाई जाए। साथ कि किसानों को तंग ना किया जाए और बगैर नैनो दवाई के किसानों को खाद दें ताकि किसानों को किसी प्रकार की समस्या न हो। किसानों को खाद के पांच बैग के साथ एक नैनो दवाई दी जा रही है।

किसान नन्हा ने कहा कि उसके पास दो एकड़ जमीन है। वह खाद के पैसे लेकर आया था, लेकिन नैना दवाई साथ दी जा रही है, जिसके पैसे अब वह कहां से लेकर आए। उन्होंने कहा कि वह जननायक जनता पार्टी के समर्थक है और उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला से मुख्य तौर पर मांग की कि इस समस्या का जल्द से जल्द हल किया जाए।

Exit mobile version