हिसार में डेयरी संचालक जीवन कुंडू हत्याकांड के मुख्य आरोपी को पकड़ने के लिए किसानों और खाप प्रतिनिधियों ने 7 टोल बंद करा दिए। हिसार-सिरसा हाईवे पर लांधड़ी, चौधरीवास और अग्रोहा टोल पर किसान हुक्का लेकर बैठ गए।
रोहतक में भी किसानों ने मकड़ौली और चांदी टोल प्लाजा बंद कर दिया। हांसी के बास और रामायण टोल पर महिलाएं दरी बिछाकर लेन के बीच ही बैठ गईं।
इस दौरान किसानों की वाहन चालकों से नोझोंक भी हुई। किसानों का कहना है कि दोपहर 2 बजे तक किसी भी वाहन को गुजरने नहीं दिया जाएगा। हालांकि, एंबुलेंस और इमरजेंसी वाहनों को निकाला जा रहा है।
प्रदर्शन को देखते हुए SSP और 3 DSP सहित 300 पुलिसकर्मी टोल पर तैनात हैं। पुलिस की एक कंपनी को रिजर्व रखा गया है। DSP किशोरी शर्मा का कहना है कि लोकल रूट से वाहन निकाले जा रहे हैं।
4 अगस्त को जीवन की लाठी डंडों से पीटकर हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस सात लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है, वहीं मुख्य आरोपी रमेश पर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। रमेश की गिरफ्तारी के लिए किसानों ने टोल जाम किए हैं।
हिसार पुलिस अब तक मामले में भानु कुमार, गजेंद्र उर्फ गज्जू पंडित और साहिल समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। मुख्य आरोपी रमेश शर्मा अब भी फरार है, जिस पर पुलिस ने 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है।
SP सिद्धांत जैन ने बताया कि पुलिस की 10 टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। मुख्य आरोपी देश छोड़कर न भाग सके, इसके लिए लुकआउट सर्कुलर जारी कर दिया गया है। पीड़ित परिवार को सुरक्षा दी गई है और पुनर्वास के लिए रोजगार का आवेदन भी कराया गया है।
धरना कमेटी के सदस्य सुरेश कोथ ने आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी उचाना से भाजपा विधायक देवेंद्र अत्री का रिश्तेदार है और राजनीतिक शह के कारण ही वह पुलिस की पकड़ से बाहर है।
मामले में विधायक अत्री ने कहा- आरोपी रमेश शर्मा मेरे गांव कसूहन का है और 5वीं पीढ़ी का रिश्तेदार है। 35 साल पहले ही उसका परिवार हिसार शिफ्ट हो गया था। अगर इस मामले में मेरा सगा भाई या बेटा भी शामिल होता, तो मैं उसकी पैरवी नहीं करता। हमारे परिवार में मर्डर के आरोपी को बचाने वाले संस्कार नहीं हैं।
सूर्यनगर इलाके में 4 अगस्त की सुबह करीब साढ़े 5 बजे डेयरी संचालक जीवन पर पड़ोसियों ने हमला कर दिया था। जीवन बाइक पर ट्रॉली लगाकर गोबर डालने जा रहा था। इसी दौरान पड़ोस के करीब 10-12 युवकों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। आरोपियों ने जीवन को तब तक पीटा, जब तक वह बेहोश नहीं हो गया।
हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल जीवन को परिजन पास के अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जीवन का मौत से पहले का 1 मिनट 12 सेकेंड का एक वीडियो भी सामने आया था। इसमें उसके दोनों पैरों पर गहरे चोट के निशान दिखाई दे रहे थे। वीडियो में जीवन ने बताया था कि पड़ोसी रमेश और उसके साथ 15-20 युवक थे। उसने मोल्हड़ नाम के एक युवक का भी जिक्र किया था। जीवन ने कहा था कि आरोपियों ने उसे पूरी तरह पीट दिया और उसकी टांग तोड़ दी।
सूर्यनगर की गली नंबर-5 में जीवन की डेयरी थी। करीब डेढ़ महीने पहले उसका पड़ोसी रमेश से गोबर डालने को लेकर विवाद हुआ था। वह रोजाना गोबर लेकर रेलवे लाइन के पास डालने जाता था। इसी बात को लेकर रमेश से उसका विवाद हुआ था। इसके बाद कुछ दिन पहले जीवन अपनी डेयरी में खोर (हौद) बनवा रहा था। इस दौरान भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया था।
आरोप है कि इस दौरान दोनों पक्षों में मारपीट हुई और रमेश पक्ष के लोगों ने जीवन की पत्नी अमन पर बरछी से हमला कर दिया था। मामले में पुलिस ने रमेश के खिलाफ केस दर्ज किया था।
