Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

नारायणगढ़ में थाने का घेराव करने पहुंचे किसान:BJP सांसद और चालक के खिलाफ गाड़ी से टक्कर मारने में 4 दिन बाद भी कार्रवाई नहीं; किसानों पर दर्ज कर डाले 3-3 केस

हरियाणा के अंबाला जिले के नारायणगढ़ में आज सुबह 11 बजे किसान थाने का घेराव करेंगे। क्योंकि किसानों पर गाड़ी चढ़ाने के मामले में पुलिस को कार्रवाई के लिए दिया समय खत्म हो गया। पुलिस ने किसानों द्वारा सांसद और चालक के खिलाफ दी शिकायत पर कार्रवाई नहीं की है। वहीं किसानों के खिलाफ तीन-तीन केस दर्ज कर दिए।

सुबह होते ही कॉल कर दिए गए थे

किसानों ने बताया कि सुबह घेराव करने के लिए सभी को कॉल कर दिया गया। किसान नारायणगढ़ पहुंचने लगे हैं। पहले वे एक स्थान पर इकट्‌ठा होंगे। इसके बाद प्रदर्शन और नारेबाजी करते हुए नारायणगढ़ थाने पहुंचेंगे। थाने का घेराव और धरना भाजपा सांसद नायब सैनी और उनकी गाड़ी के चालक के खिलाफ केस दर्ज होने तक जारी रहेगा।

भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के अंबाला जिला प्रधान मलकीत सिंह ने बताया कि वे खुद भी नारायणगढ़ पहुंच रहे हैं। 4 दिन पहले हुई घटना की शिकायत नारायणगढ़ पुलिस को दी थी। पुलिस ने उन्हें उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की है। वे अपने ऐलान के मुताबिक, घेराव करेंगे। घेराव के बाद थाने के बाहर ही धरना दिया जाएगा। संयुक्त माेर्चा के आदेश के पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

किसानों पर तीन केस दर्ज

पुलिस ने दबाव बनाने के लिए किसानों पर तीन एफआईआई दर्ज की हैं। इनमें एक केस पुलिस के द्वारा वायरल वीडियो के आधार पर दर्ज किया गया। वहीं थाना प्रभारी धूम सिंह का कहना है कि वे किसानों की शिकायत पर जांच कर रहे हैं। मामले की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने वायरल वीडियो के आधार पर किसानों के खिलाफ केस दर्ज किया है। दूसरे उनके पास राजीव सैनी की शिकायत आई है, जिसके आधार पर केस दर्ज किया गया है। तीसरा केस गांव संगोर जिला कुरुक्षेत्र निवासी अनिल कुमार की शिकायत पर दर्ज किया गया है।

Exit mobile version