रोहतक के गांव भैणी भैरो निवासी हर्ष ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पिता बहादुर 17 मार्च की शाम करीब 4 बजे घर से खेत में गेहूं की फसल में पानी देने के लिए गया था, जो वापस नहीं लौटे। इसके बाद उन्होंने अपने पिता की तलाश आरंभ कर दी। इसी बीच 20 मार्च को वह अपने चाचा सुंदर के साथ खेतों में अपने पिता बहादुर को तलाश करने गए। इस दौरान उसके पिता का शव गेहूं के खेत में पड़ा हुआ था। शरीर पूरी तरह से नीला पड़ चुका था। जिससे अनुमान लगाया जा रहा था कि किसी जहरीले जीव के काटने से उसकी मौत हुई है।
मामले की जानकारी महम थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच आरंभ कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने FSL टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का चिकित्सकों के बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस ने चिकित्सकों की राय ली तो डॉक्टरों ने मृतक को 14 चोटें लगना बताया है। इनमें गला घोंटने व बिजली करंट लगाना मौत कारण पाया गया है। महम थाना के एसएचओ सत्यपाल ने बताया कि अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करके जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

