Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

फरीदाबाद: सीवरेज टैंक में उतरते ही जहरीली गैस का शिकार बने 2 युवक, सफाई के दौरान गई जान

फरीदाबाद के जीवन नगर पार्ट-1 स्थित नगर निगम के सरकारी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। प्लांट में काम करने गए दो युवकों की टैंक में गिरने से मौत हो गई। घटना सुबह करीब 6 बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाया गया।

प्लांट ऑपरेटर शिवम कुमार ने बताया कि मृतक आकाश और अमन काफी समय से इस संयंत्र में काम कर रहे थे। आकाश पिछले करीब तीन साल से और अमन करीब डेढ़ साल से यहां कार्यरत था। दोनों की उम्र लगभग 26 वर्ष थी और दोनों अविवाहित थे। शिवम के अनुसार, सुबह ठेकेदार की ओर से फोन आया था कि टैंक की सफाई के लिए एक चैन लगानी है। इसके बाद आकाश और अमन काम करने के लिए मौके पर पहुंचे।

बताया गया कि आकाश सेफ्टी बेल्ट बांधकर टैंक के अंदर उतर रहा था। इसी दौरान टैंक से निकलने वाली जहरीली गैस के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया। वह नीचे की ओर खिंचने लगा और उसकी सेफ्टी बेल्ट भी टूट गई, जिससे वह सीधे टैंक में जा गिरा। साथी को मुसीबत में देख अमन उसे बचाने के लिए तुरंत नीचे उतरा, लेकिन उसका भी पैर फिसल गया और वह भी टैंक में गिर गया।

शिवम ने बताया कि हादसे के दौरान तीसरा कर्मचारी विपिन भी दोनों को बचाने के लिए सेफ्टी बेल्ट बांधकर नीचे उतरने लगा था। हालांकि टैंक से निकल रही गैस का असर उस पर भी होने लगा और वह भी गिरने की स्थिति में पहुंच गया। मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने समय रहते उसे ऊपर खींच लिया, जिससे उसकी जान बच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। मुजेसर थान से एएसआई सुनील कुमार ने बताया कि सुबह करीब 6:30 बजे पुलिस को घटना की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड ने तुरंत निकालना शुरू किया। टीम ने एक युवक के शव को बाहर निकाल लिया, जबकि दूसरे युवक को निकालने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और सुरक्षा व्यवस्था में कोई लापरवाही हुई है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में सेफ्टी बेल्ट टूटने और टैंक के अंदर मौजूद जहरीली गैस को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है।

Exit mobile version