रोहतक के सांपला स्थित वार्ड नंबर पांच के एक घर में बीती रात अचानक आग लग गई। जिस कारण घर में सोया पूरा परिवार झुलस गया। परिवार वाले रात को मच्छर भगाने की अगरबत्ती लगाकर सोए थे। वहीं मध्यरात्रि आग लग गई। जिन्हें उपचार के लिए रोहतक पीजीआई में भर्ती करवाया गया। इधर, आग लगने से घर का सामान भी जल गया।
रोहतक के सांपला स्थित वार्ड नंबर 5 निवासी उमेद सिंह ने बताया कि उसका बेटा करीब 42 वर्षीय सत्यवान मजदूरी करता है। जो घर में ऊपर बने कमरे में रहता है। मंगलवार की रात वह अपने परिवार के साथ ऊपर वाले कमरे में जाकर सोया था। सत्यवान के साथ उनकी पत्नी करीब 39 वर्षीय सुमन, बेटा करीब 19 वर्षीय प्रवीण व बेटी करीब 16 वर्षीय प्रतिभा भी कमरे में सोए थे।
उमेद सिंह ने बताया कि सत्यवान ऊपर वाले कमरे में मच्छर भगाने की अगरबत्ती लगाकर सोया था। अनुमान है कि उससे आग लग गई। पहले मच्छर भगाने की अगरबत्ती से कपड़ों ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते आग पूरे कमरे में फैल गई। जिसने पूरे परिवार को अपनी चपेट में ले लिया।
उन्होंने बताया कि मध्यरात्रि जब कमरे से धुआं निकलता हुआ देखा तो परिवार वालों को इसका पता लगा। परिवार वालों ने तुरंत पहुंचकर चारों लोगों को कमरे से बाहर निकाला। वहीं उपचार के लिए रोहतक पीजीआई में ले आए। सभी का रोहतक पीजीआई में उपचार चल रहा है।

