Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में कुत्ते के पेशाब करने पर भिड़े परिवार:5 लोग गंभीर घायल, 2 महिलाओं समेत 8 पर FIR

गोहाना क्षेत्र में कुत्ते के पेशाब करने को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इस घटना में एक परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले में 2 महिलाओं समेत 8 व्यक्तियों पर विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

जानकारी अनुसार, गांव नगर के महेंद्र ने पुलिस को बताया कि सुबह करीब 11 बजे उनका भतीजा गिन्नी और बेटा विजय कुत्ते को घुमाने खेतों की तरफ जा रहे थे। जब वे जोगी उर्फ मोनू के घर के सामने से गुजर रहे थे, तो कुत्ते ने वहां पेशाब कर दिया।

इसी बात को लेकर जोगी के पिता महेंद्र और पालेराम ने गिन्नी और विजय के साथ गाली-गलौच की। कुछ देर बाद जब दोनों घर लौट गए तो महेंद्र, जोगिंदर उर्फ मोनू, रोहतास, पालेराम, सतीश, अजय, कमलेश, मुनिया समेत कई लोग लाठी-डंडों से लैस होकर गिन्नी के घर पहुंच गए।

इन व्यक्तियों ने घर में घुसकर गिन्नी, जितेश और विजय पर हमला कर दिया। बचाव में आए हरविंदर, हरप्रीत और रजनी को भी चोटें आईं। आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।

सूचना मिलते ही गोहाना सिटी थाना के एएसआई राकेश कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने भी मौका मुआयना किया। पुलिस ने धारा 191(3), 190, 110, 115(2), 333, 351(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर लिया है। सभी घायलों को पहले सामान्य अस्पताल गोहाना ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया।

Exit mobile version