Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक सिविल अस्पताल में गिरी फॉल सीलिंग: हादसे में बाल-बाल बचा सफाई कर्मी, मरीजों को होगी परेशानी

रोहतक के सिविल अस्पताल में एमरजेंसी के पास सुबह अचानक फाल सीलिंग गिर गई। जिसके कारण अस्पताल में हड़कंप मच गया। अस्पताल में सफाई कर्मचारी हादसे का शिकार होते-होते बच गया। सूचना पाकर सिविल अस्पताल के एसएमओ पुष्पेंद्र मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

सिविल अस्पताल में सुबह करीब साढे 7 बजे एमरजेंसी के पास व एक्सरे और खून की जांच होने वाली लैब के पास छत पर लगी फाल सीलिंग अचानक गिर गई। फाल सीलिंग गिरने के कारण बड़ा हादसा हो सकता था, लेकिन हादसे के समय वहां केवल एक सफाई कर्मचारी था, जो बाल-बाल बच गया। वहीं एमरजेंसी में मरीज व डॉक्टर मौजूद थे और अस्पताल में मरीज भी आने शुरू हो गए थे।

अस्पताल के अंदर अचानक हुए हादसे में कोई जानहानि नहीं हुई। अस्पताल में ओपीडी का समय शुरू होने से पहले ही हादसा हो गया। अगर हादसा ओपीडी शुरू होने के बाद होता, तो फाल सीलिंग मरीजों के ऊपर भी गिर सकती थी, क्योंकि खून टेस्ट करवाने के लिए मरीजों की भीड़ लगती है।

सिविल अस्पताल में फॉल सीलिंग गिरने का पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी मेन गेट के आगे ही फॉल सीलिंग गिर गई थी। हालांकि उस समय फॉल सीलिंग रात के समय गिरी थी। जिसके कारण कोई जानहानि नहीं हुई थी, लेकिन काफी समय तक उस गेट को बंद रखा गया था।

सिविल अस्पताल में टेस्ट करवाने के लिए आने वाले मरीजों को फॉल सीलिंग गिरने से परेशानी होगी। फर्श पर पड़े सीलिंग के मलबे को तो कर्मचारी उठा लेंगे, लेकिन छत पर लटकी तारें, ट्यूब लाइट व मैटेरियल अभी भी लटका हुआ है। जिसके कारण हादसा हो सकता है। मरीजों को अन्य सीलिंग गिरने का खतरा भी बना हुआ है।

सिविल अस्पताल के एसएमओ पुष्पेंद्र का कहना है कि अस्पताल में अचानक फॉल सीलिंग गिरी है, जिसकी जांच करवाई जाएगी। हादसे में किसी को कोई चोट नहीं लगी है। सीलिंग के मलबे को साफ करवाया जा रहा है। मरीजों को परेशानी होने नहीं दी जाएगी।

Exit mobile version