सोनीपत में पुलिस और एक एजेंसी की संयुक्त कार्रवाई में नकली हारपिक बेचने वाले एक दुकानदार पर कार्रवाई की। शिकायत के आधार पर छापेमारी में भारी मात्रा में नकली उत्पाद बरामद हुए हैं, जिससे उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है और सामान जब्त किया है।
दिल्ली निवासी पुनीत ढींगरा, जो एक निजी कंपनी में वरिष्ठ प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्हें कंपनी की ओर से नकली उत्पाद बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए अधिकृत किया गया है। सर्वे के दौरान गन्नौर की पुरानी सब्जी मंडी स्थित एक किराना स्टोर पर नकली हारपिक बिकने की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।

शिकायत के बाद थाना गन्नौर की टीम ने एसआई जगदीश के नेतृत्व में पुलिस बल के साथ पुरानी मंडी स्थित जतिन किराना स्टोर पर छापा मारा। मौके पर दुकान संचालक जतिन को बुलाकर स्वतंत्र गवाह की मौजूदगी में दुकान की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान दुकान में रखी पेटियों में बड़ी संख्या में नकली हारपिक बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार 500 एमएल के 57 पीस और 200 एमएल के 48 पीस नकली पाए गए। कुल मिलाकर 100 से ज्यादा नकली उत्पाद मौके से बरामद किए गए।
बरामद नकली हारपिक में से 500 एमएल और 200 एमएल का एक-एक सैंपल अलग निकालकर सील किया गया। बाकी सभी उत्पादों को पुलिस ने कब्जे में लेकर सबूत के तौर पर जब्त कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट 1957 की धारा 63 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी पर नकली सामान बेचकर आम जनता को धोखा देने और कंपनी के ब्रांड का दुरुपयोग करने का आरोप है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि नकली उत्पाद कहां से सप्लाई हो रहे थे। आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी संभव है।
