खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के फर्जी इंस्पेक्टर व क्लर्क बन 2 युवकाें ने फैक्ट्री मैनेजर से 38 हजार रुपए की ठगी कर ली। ठगों ने मैनेजर काे श्रमिकाें के बीपीएल कार्ड बनाकर आधे रेट में राशन दिलाने का वादा किया। 11 श्रमिकाें के आधार कार्ड की काॅपी ली और 38 हजार रुपए ठग लिए। राशन के लिए मैनेजर गाड़ी निकलवाने लगे, इतने में ठग रुपए लेकर फरार हाे गए। सीसीटीवी देखे ताे उनकी बाइक का नंबर मिला।
नंबर से घर का एड्रेस मिला ताे मैनेजर व फैक्ट्री मालिक घर पहुंचे। तब पता चला कि ये जीजा-साला हैं और इसी तरह से ठगी करते हैं। फैक्ट्री मैनेजर ने एक नामजद व अज्ञात पर किला थाना में केस दर्ज कराया है। झारखंड के जामताड़ा निवासी अनिल कुमार 5 साल से भैंसवाल स्थित गणपति हाेम फर्निसिंग फैक्ट्री में मैनेजर कम इंजीनियर है। उन्हाेंने बताया कि 23 सितंबर काे वह मालिक दीपक दहिया के साथ ऑफिस में थे।
करीब एक बजे बाइक पर दाे युवक आए। एक ने खुद काे खाद्य एवं आपूर्ति विभाग का इंस्पेक्टर व दूसरे ने लिपिक बताया। कहा कि उनकी ड्यूटी फैक्ट्रियाें में बीपीएल कार्ड बनाने में लगी है। मैनेजर ने 11 श्रमिकाें के आधार कार्ड की काॅपी दे दी। 86 हजार रुपए का राशन 38 हजार में दिलाने का झांसा दिया और सामान की लिस्ट दी और कहा कि पक्की रसीद देंगे और अभी गाड़ी लेकर चलाे। विश्वास जीतने के लिए फर्जी इंस्पेक्टर ने कथित डीएफएससी से फाेन पर बात कराई।

