Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में बन रहे नकली सिक्के: दिल्ली-मुंबई पुलिस की जांच में खुलासा; मंदिरों और मॉल्स में हो रही सप्लाई

हरियाणा में नकली सिक्के बनाए जा रहे है। जिसका खुलासा दिल्ली-मुंबई पुलिस की संयुक्त जांच में खुलासा हुआ है। नकली सिक्कों को बनाने वाला गिरोह इन्हें मुंबई, दिल्ली सहित आसपास के पड़ोसी राज्यों के मंदिरों और मॉल्स में सप्लाई कर रहा है। दोनों राज्यों की पुलिस इस मामले में गिरफ्तार गिरोह के कुछ सदस्यों से पूछताछ के आधार पर हरियाणा में नकली सिक्कों को बनाने वाली फैक्ट्रियों की पहचान करने में जुटी हुई है।

नकली सिक्कों की बरामदगी दिल्ली पुलिस के 10 महीने पुराने अभियान का हिस्सा है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने अप्रैल 2022 को हरियाणा के चरखी दादरी में एक नकली सिक्का निर्माण इकाई का भंडाफोड़ किया था। इस मामले में मास्टरमाइंड नरेश कुमार सहित पांच लोगों को गिरफ्तारी भी की गई थी।

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के अधिकारियों के अनुसार हाल ही में गिरोह के एक सदस्य जिग्नेश गाला को गिरफ्तार किया है। जिसने पूछताछ में खुलासा किया है कि वह चरखी दादरी की फैक्ट्री से नहीं बल्कि हरियाणा की दूसरी फैक्ट्री से सिक्के खरीदता था। इस खुलासे के बाद अब दिल्ली पुलिस हरियाणा की उन फैक्ट्री की पहचान करने के लिए प्रयास कर रही है, जहां ये नकली सिक्के बनाए जा रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी गाला मुंबई के मलाड पश्चिम का रहने वाला है। गाला हरियाणा सहित भारत में कई राज्यों में सक्रिय नकली सिक्का बनाने वाले गिरोहों को सिक्का निर्माण मशीनों का आयात और बिक्री भी कर चुका है। इसके बाद से लगातार पुलिस छानबीन कर रही है और ऐसे गिरोहों के खिलाफ अभियान छेड़े हुए है।

पुलिस ने जिग्नेश गाला से 9 लाख 46 हजार रुपए के सिक्के बरामद किए हैं। इनमें 10 रुपए के 94 हजार 600 रुपए के नकली सिक्के शामिल हैं। जांच में सामने आया है कि गाला हरियाणा के एक गिरोह का सदस्य है जो नकली सिक्के बनाता है और उन्हें देश के विभिन्न हिस्सों में बेचता है। गाला की गिरफ्तारी के बाद दिल्ली पुलिस आगे की जांच कर रही है। जल्द ही दिल्ली और मुंबई पुलिस हरियाणा का रुख कर सकती है।

Exit mobile version