पानीपत, 20 नवंबर। हरियाणा के पानीपत में नामी कंपनियों के ब्रांड के नाम पर नकली कोल्ड ड्रिंक तैयार करने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है। सीएम फ्लाइंग, पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने सनौली रोड स्थित एमएस एंटरप्राइजेज में छापेमारी की। मौके पर मशीनों से लगातार कोल्ड ड्रिंक तैयार की जा रही थी। टीम ने फैक्ट्री से अलग-अलग ब्रांड के लेबल लगी 9,391 भरी हुई बोतलें और लेबल के 41 रोल बरामद किए हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि फैक्ट्री में माउंटेन ड्यू, कोका-कोला, स्प्राइट और लिम्का जैसे नामी ब्रांड के नाम पर नकली पेय तैयार किए जा रहे थे। इनकी सप्लाई हरियाणा के कई जिलों में की जा रही थी। संबंधित कंपनियों के अधिकृत प्रतिनिधियों ने मौके पर बोतलों और लेबल की जांच की और उन्हें नकली बताया।
सूचना मिलते ही संयुक्त टीम ने की छापेमारी
जानकारी के अनुसार, सीएम फ्लाइंग को सनौली रोड पर होटल जयफुड के पास महेंद्र मलिक की फैक्ट्री में नकली माउंटेन ड्यू तैयार किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग और सनौली पुलिस को साथ लेकर संयुक्त टीम ने फैक्ट्री में दबिश दी।
छापेमारी के दौरान फैक्ट्री में कई मशीनें चालू मिलीं। मौके पर सुपरवाइजर राहुल बाल्यान मौजूद था। पूछताछ में उसने बताया कि यहां माउंटेन ड्यू, कोका-कोला, स्प्राइट, लिम्का, फैंटा और थम्स अप सहित कई ब्रांड के नाम पर कोल्ड ड्रिंक तैयार की जाती थीं।
9,391 बोतलें और 41 लेबल रोल बरामद
टीम ने फैक्ट्री से बड़ी मात्रा में तैयार नकली कोल्ड ड्रिंक और पैकिंग सामग्री जब्त की। बरामद सामान में शामिल हैं:
- माउंटेन ड्यू की 400 एमएल की 1,030 भरी बोतलें और 18 लेबल रोल।
- कोका-कोला की 1 लीटर की 1,335 बोतलें और 2 लीटर की 612 व 44 बोतलें।
- बिना लेबल वाली 2 लीटर की 308 बोतलें।
- कोका-कोला की 1 लीटर की 5,501 बोतलें और 9 लेबल रोल।
- एमडी कोल्ड ड्रिंक्स की 1.25 लीटर की 510 बोतलें।
- स्प्राइट की 2 लीटर की 24 बोतलें और 4 लेबल रोल।
- लिम्का की 2 लीटर की 27 बोतलें और 1 लेबल रोल।
कंपनी प्रतिनिधियों ने बताया नकली, 9 सैंपल जांच के लिए भेजे
छापेमारी के दौरान पेप्सिको और कोका-कोला के अधिकृत प्रतिनिधियों को भी मौके पर बुलाया गया। उन्होंने अपने ब्रांड की बोतलों और लेबल का निरीक्षण किया और उन्हें नकली बताया। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने मौके से 9 सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे हैं। अब रिपोर्ट से पता चलेगा कि बोतलों में इस्तेमाल किए गए पेय पदार्थों में कौन-कौन से तत्व मौजूद थे और वे स्वास्थ्य के लिए कितने सुरक्षित या हानिकारक हैं।
फैक्ट्री मालिक फरार, लाइसेंस और दस्तावेज भी नहीं मिले
रेड की सूचना मिलते ही फैक्ट्री मालिक महेंद्र मलिक मौके से फरार हो गया। उससे संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद मिला। फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
पुलिस ने फैक्ट्री मालिक महेंद्र मलिक और सुपरवाइजर राहुल बाल्यान के खिलाफ BNS की विभिन्न धाराओं और कॉपीराइट एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली कोल्ड ड्रिंक किन-किन जिलों में सप्लाई की गई और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
2020 में भी पकड़ी गई थी नकली माउंटेन ड्यू बनाने की फैक्ट्री
पानीपत में नकली कोल्ड ड्रिंक बनाने का यह पहला मामला नहीं है। जून 2020 में भी पुलिस ने पसीना कलां रोड पर नकली माउंटेन ड्यू तैयार करने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था। उस दौरान 3,780 पेटी नकली कोल्ड ड्रिंक और 1,840 डुप्लीकेट बोतलें बरामद हुई थीं। मौके से केमिकल, चीनी की 200 बोरियां, फिल्टर, कूलिंग टावर, लेबल और पैकिंग मशीनें भी मिली थीं।
उस मामले में आठ कारोबारियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। जांच के दौरान कुरुक्षेत्र के दो गोदामों से भी करीब 289 पेटी नकली माउंटेन ड्यू बरामद हुई थीं।
ताजा कार्रवाई के बाद अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि कहीं नकली पेय पदार्थों की सप्लाई के पीछे कोई पुराना नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।
