Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

पीजीआई के मरीजों के लिए सुविधा:पीजीआई में आयी 5 बीजीए मशीनें, तत्काल मिलेगी अपडेट रिपाेर्ट!!

रोहतक के पीजीआई में इलाज कराने आने वाले मरीजों के लिए एक सुविधा और बढ़ गई। पीजीआई को 5 बीजीए (ब्लड गैस एनालाइजर) मशीनें मिली हैं। इस मशीन के आने से गंभीर मरीजों को जांच के लिए एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने की जरूरत नहीं होगी। बल्कि अस्पताल में ही मरीज की रिपोर्ट चंद मिनटों में चिकित्सक के सामने होगी। इससे मरीज को तत्काल इलाज की सुविधा मिल सकेगी। इससे पहले केवल इमरजेंसी में ही बीजीए जांच की सुविधा थी।

जिस पर सभी जांचों का दबाव था। साथ ही रिपोर्ट तैयार होने में भी घंटों का समय लग जाता था। इसके अतिरिक्त कई बार जांच की पेंडेंसी भी बनी रहती थी। इन सब समस्याओं को देखते हुए पीजीआई प्रशासन ने बीजीए जांच के लिए एक कंपनी से करार किया है। इसमें श्यामलाल बिल्डिंग के आईसीयू, ट्रामा सेंटर, नया आईसीयू, न्यूरोलॉजी, इमरजेंसी में मशीनें लगाई गई हैं।

आईसीयू में गंभीर मरीजों को भर्ती किया जाता है। कई बार उनकी रिपोर्ट के लिए बार-बार सैंपल लेना पड़ता है। डॉक्टर को रिपोर्ट की तत्काल जरूरत होती है। रिपोर्ट के आधार पर मरीज का इलाज तत्काल शुरू हो जाता है। पहले अस्पताल की इमरजेंसी में 5 पैरामीटर थे।

बीजीए मशीन में ऑक्सीजन लेवल, कार्बनडाईऑक्साइड की मात्रा, कैल्शियम, पोटेशियम, सोडियम, हीमोग्लोबिन समेत कुल 20 जांचे होती है।

बीजीए जांच के लिए एडवांस तकनीक की मशीनें पीजीआई में लगाई गई हैं। यह मरीज की अपडेट स्थिति बताती है। जिससे पहले की अपेक्षा अब मरीजों का लाभ मिल रहा है। -डॉ. शमशेर लोहचब, निदेशक, पीजीआईएमएस

Exit mobile version