Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

लुधियाना ज़िला न्यायालय परिसर में धमाका- 2 की मौत; कई लोगों के घायल होने की आशंका

पंजाब के लुधियाना में गुरुवार को अदालत में जोरदार ब्लास्ट हुआ है। धमाका अदालत की दूसरी मंजिल पर हुआ और इससे दीवार ढह गई। मिली जानकारी के अनुसार 2 लोगों की मौत हो गई है और कई लोगों के घायल होने की आशंका हैं।

यह धमाका दूसरी मंजिल पर कोर्ट नंबर 9 के पास बाथरूम में हुआ। धमाका इतना तेज था कि आसपास का एरिया पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। फिलहाल इस धमाके में दो लोगों की मरने की खबर है। धमाका होने से कोर्ट की पूरी इमारत हिल गई। इमारत की खिड़कियों के शीशे चटक गए हैं और पार्किंग में खड़ी कारें भी क्षतिग्रस्त हुईं हैं। मौके पर मौजूद लोग सिलेंडर फटने की आशंका जता रहे हैं। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने अभी धमाके के बारे में कोई बयान नहीं दिया है।

अदालत में अफरा-तफरी का माहौल है। हालांकि वकीलों की हड़ताल के चलते आम दिनों की तुलना में गुरुवार को यहां भीड़ कम थी।पूरी इमारत को खाली करवा लिया गया है। पुलिस जांच कर रही है कि किसी और जगह कोई और बम प्लांट तो नहीं किया गया है। विस्फोट के कारणों का पता लगाया जा रहा है| आला पुलिस अधिकारी, प्रशासन के अधिकारी और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गया है। पुलिस बल ने कोर्ट परिसर को चारों तरफ से घेर लिया है। शहरभर में हाईअलर्ट जारी करते हुए नाकाबंद कर दी गई है। शहर में आज मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी भी एक जनसभा को संबोधित करने पहुंच रहे हैं।​​​​​​​

Exit mobile version