Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

बदल गए फरीदाबाद, गुरुग्राम और करनाल सहित कई जिलों के आबकारी अधिकारी…जानिये किस को क्या मिली जिम्मेदारी


हरियाणा सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आबकारी एवं कराधान विभाग में उप आबकारी एवं कराधान आयुक्त (DETC) स्तर के 18 अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस फेरबदल का असर फरीदाबाद पर भी पड़ा है। सरकार ने फरीदाबाद के स्टेट टैक्स और निरीक्षण शाखा में नई नियुक्तियां करते हुए अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली हैं। आयुक्त एवं सचिव आशिमा बराड़ की ओर से जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।

जारी आदेशों के अनुसार अभिषेक बत्रा को करनाल (स्टेट टैक्स) से फरीदाबाद स्टेट टैक्स (दक्षिण) में नियुक्त किया गया है। वहीं सूरत सिंह मलिक, जो अब तक फरीदाबाद (पूर्व) निरीक्षण शाखा में कार्यरत थे, उन्हें नारनौल आबकारी विभाग में स्थानांतरित किया गया है।

प्रदेशभर में हुए इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत कई जिलों में अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। अनिरुद्ध शर्मा को गुरुग्राम नॉर्थ निरीक्षण शाखा से गुरुग्राम (पश्चिम) आबकारी में भेजा गया है। जगदीप को कुरुक्षेत्र आबकारी से करनाल आबकारी, जबकि नीरज को करनाल आबकारी से मुख्यालय में तैनात किया गया है।

इसके अलावा अनिल कुमार को मुख्यालय से भिवानी (स्टेट टैक्स), प्रदीप यादव को अंबाला निरीक्षण शाखा से पंचकूला आबकारी और नील रतन को पंचकूला आबकारी से करनाल (स्टेट टैक्स) भेजा गया है।

विभाग का कहना है कि इन तबादलों का उद्देश्य प्रशासनिक कार्यों में बेहतर समन्वय स्थापित करना, पारदर्शिता बढ़ाना और राजस्व संग्रह से जुड़े कार्यों में तेजी लाना है। आबकारी एवं कराधान विभाग राज्य में कर प्रशासन और राजस्व संग्रह की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाता है। ऐसे में अधिकारियों की नई तैनाती से विभागीय कार्यों की गति और जवाबदेही दोनों में सुधार की उम्मीद है।

आयुक्त एवं सचिव आशिमा बराड़ ने आदेशों में स्पष्ट किया है कि सभी संबंधित अधिकारी अपने-अपने नए कार्यस्थल पर तत्काल प्रभाव से कार्यभार ग्रहण करेंगे। विभागीय स्तर पर स्थानांतरण से जुड़ी औपचारिकताएं भी शुरू कर दी गई हैं, ताकि प्रशासनिक कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।

Exit mobile version