रोहतक में पूर्व सैनिक से धोखाधड़ी करके सवा 9 लाख रुपए ठगने का मामला सामने आया है। पूर्व सैनिक ने 2022 में 75 वर्गगज प्लाट खरीदने के लिए सवा 9 लाख रुपए देकर इकरारनामा किया था। लेकिन ना तो प्लाट की रजिस्ट्री हुई और ना ही पैसे वापस मिले। गृहमंत्री अनिल विज को शिकायत देने के बाद एफआईआर दर्ज हुई है।
रोहतक की जनता कॉलोनी निवासी सत्यवान ने पुलिस को बताया कि उसने वर्ष 2022 में आर्मी से रिटायर्ड हुए थे। वहीं जुलाई 2022 में उन्होंने एक 75 गज का प्लाट प्रदीप से 13000 रुपए प्रतिगज के हिसाब से खरीदने का इकरारनामा किया था।
पीड़ित ने बताया कि उसने इसके लिए आरोपी प्रदीप को 5 लाख व 1 लाख रुपए के 2 चैक तथा सवा 3 लाख रुपए नकद (सवा 9 लाख) रुपए दिए थे। बकाया 50 हजार रुपए रजिस्ट्री के समय देना तय हुआ था। 2 महीने के अंदर रजिस्ट्री करवाने के लिए कहा था। लेकिन आरोपी प्रदीप ने रजिस्ट्री नहीं करवाई। इस दौरान विकास शुल्क के नाम पर 26 हजार 500 रुपए ले लिए।
पूर्व सैनिक ने आरोप लगाया कि उसके बार-बार कहने के बाद भी 4 माह तक रजिस्ट्री नहीं करवाई। इसके बाद उसने पंचायत की, उसमें आरोपी ने ढाई माह का समय मांगा था। इसके बाद भी रजिस्ट्री नहीं करवाई और ना ही पैसे वापस दिए। दोबारा से अप्रैल 2023 में और तीसरी बार जुलाई में पंचायत की। तीसरी पंचायत में 10 अगस्त तक समय मांगा। लेकिन ना तो पैसे दिए और ना ही रजिस्ट्री करवाई
पीड़ित ने बताया कि 20 अगस्त को उसने प्लाट पर कब्जा ले लिया और चारदीवारी बनवा ली। इसके बाद बिना सूचना दिए 16 हजार रुपए प्रति वर्गगज के हिसाब से प्लाट किसी दूसरे व्यक्ति को 12 लाख में बेच दिया। इसके बाद एसपी, सीएम विंडो में शिकायत दी, लेकिन एफआईआर दर्ज नहीं की तो शिकायत गृहमंत्री अनिल विज को दी। गृहमंत्री के आदेश पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है।
