Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

खट्‌टर-गुर्जर की लोकसभा सीटों पर EVM की होगी जांच: कांग्रेस उम्मीदवारों की शिकायत के बाद चुनाव आयोग का बड़ा फैसला

चुनाव आयोग ने हरियाणा की 2 लोकसभा सीटों पर चुनाव में EVM में गड़बड़ी की शिकायत की जांच के आदेश दिए हैं। इनमें करनाल और फरीदाबाद सीट शामिल है। इनकी अब EVM चेक कराई जाएंगी। करनाल से केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्‌टर और फरीदाबाद से केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर चुनाव जीते हैं। इन दोनों सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवारों की ओर से चुनाव के दौरान गड़बड़ी की आशंका जताई गई थी। इसे लेकर चुनाव आयोग में शिकायत भी की गई थी।

करनाल से कांग्रेस उम्मीदवार दिव्यांशु बुद्धिराजा ने चुनाव आयोग को चिट्ठी लिखकर EVM की जांच करने की मांग की थी। वहीं, फरीदाबाद से कांग्रेस उम्मीदवार महेंद्र प्रताप ने भी गड़बड़ी की आशंका जताई थी। चुनाव आयोग की ओर से कहा गया है कि लोकसभा चुनाव 2024 में EVM में गड़बड़ी की शिकायत के 8 आवेदन आए थे। इनमें हरियाणा के करनाल और फरीदाबाद लोकसभा सीट के भी नाम शामिल थे। इनमें EVM की मेमोरी और माइक्रो कंट्रोलर की जांच की मांग की गई थी।

करनाल और फरीदाबाद लोकसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। करनाल से हरियाणा के साढ़े नौ साल मुख्यमंत्री रहे मनोहर लाल खट्‌टर ने कांग्रेस के उम्मीदवार दिव्यांशु बुद्धिराजा को हराया। खट्टर यहां से 2 लाख 32 हजार 577 वोटों के बड़े अंतर से जीते थे। खट्‌टर का यह पहला लोकसभा चुनाव था। इसके बाद वह मोदी 3.0 कैबिनेट में मंत्री बन चुके हैं। उन्हें शहरी विकास एवं आवास और ऊर्जा मंत्री बनाया गया है।

वहीं, फरीदाबाद लोकसभा सीट पर भाजपा ने कृष्णपाल गुर्जर को उम्मीदवार बनाया था। यहां से उन्होंने कांग्रेस के महेंद्र प्रताप सिंह को हराकर जीत हासिल की। गुर्जर ने यह सीट 1 लाख 72 हजार 914 वोटों के अंतर से जीती थी। जीत के बाद कृष्णपाल गुर्जर भी लगातार तीसरी बार मोदी कैबिनेट में केंद्रीय राज्य मंत्री बनाए गए हैं। उन्हें अमित शाह के साथ सहकारिता विभाग दिया गया है।

ECI के मुताबिक करनाल और फरीदाबाद लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवारों को EVM चेक करवाई जाएगी। करनाल लोकसभा सीट से करनाल में 2 EVM और पानीपत सिटी की 2 EVM चेक कराई जाएंगी। यानी करनाल लोकसभा सीट की 4 EVM चेक की जाएंगी। वहीं, फरीदाबाद लोकसभा सीट के बड़कल बूथ की 2 EVM चेक कराई जाएंगी।

करनाल लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार रहे दिव्यांशु बुद्धिराजा ने बताया कि हमने 4 बूथों पर EVM में गड़बड़ी की शिकायत की थी। इसके लिए आयोग में 2 लाख रुपए भी जमा कराए। हालांकि आयोग ने यह व्यवस्था पहली बार की है, लेकिन कमीशन की ओर से टेक्निकल SOP जारी नहीं की गई है कि वह EVM कैसे चेक कराएंगे।हालांकि आयोग ने भरोसा दिया है कि EVM की जांच को लेकर उनकी पूरी संतुष्टि कराएंगे। मैं खुद भी इंजीनियर हूं। इसलिए मैं खुद इसकी तह तक जाऊंगा। इसके साथ ही हम आयोग पर एसओपी जारी कराने के लिए दबाव बना रहे हैं।

यह पहली बार है कि ECI ने EVM चेक कराने को लेकर गाइड लाइन जारी की है। 4 जून को काउंटिंग से पहले 1 जून को आयोग की ओर से यह गाइडलाइन आई थी। इसमें यह प्रावधान किया गया है कि रिजल्ट आने के बाद जो भी सेकेंड पोजिशन वाला उम्मीदवार है, वह EVM चेक कराने के लिए आवेदन कर सकता है। इसके लिए आयोग की ओर से एक EVM चेक कराने के लिए 50 हजार रुपए की फीस रखी गई है। हालांकि इसके लिए उम्मीदवार को रिजल्ट आने के 7 दिन के भीतर ही आवदेन किया जाना जरूरी है।

इसके अलावा चुनाव आयोग ने चुनाव आयोग ने हरियाणा के अलावा आंध्र प्रदेश की एक सीट के 2 बूथों, छत्तीसगढ़ की एक सीट के 4 बूथों, महाराष्ट्र की एक सीट के 40 बूथों, तमिलनाडु की 2 सीटों के 20 बूथों और तेलंगाना की एक सीट के 20 बूथों की EVM चेक कराने का भी फैसला लिया है।

Exit mobile version