हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर हरियाणा के युवाओं से बड़ा वादा किया है। खट्टर ने योग दिवस पर अग्निवीरों से वादा करते हुए कहा कि आपको आगे भविष्य में ज्यादा नौकरी करने की चिंता नहीं है। हरियाणा सरकार आपसे इस बात का वादा करती है कि अग्निपथ योजना के जरिए जो भी युवा देश की सेवा करने के बाद सेवानिवृत्त होगा। उन सभी युवाओं को हरियाणा सरकार पुलिस विभाग की भर्ती में वरीयता देगी। साथ ही कहा कि अग्निपथ योजना से रिटायर्ड अग्निवीरों की ग्रुप C में भी भर्ती हो सकती है।
मैं घोषणा करता हूँ कि ‘अग्निपथ योजना’ के तहत 4 वर्ष देश की सेवा करने के बाद वापिस आने वाले अग्निवीरों को गारंटी के साथ हरियाणा सरकार में नौकरी दी जाएगी।
— Manohar Lal (@mlkhattar) June 21, 2022
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने योग दिवस पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह दिन हमारे लिये गौरवशाली है। खट्टर ने कहा कि हर भारतीय को गर्व होना चाहिये कि हमारे देश ने जो पहल की उसे आज पूरे विश्व में मनाया जा रहा है। सीएम खट्टर 8वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भिवानी में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में शिरकत करने पहुंचे थे। इस दौरान सीएम ने अग्निपथ योजना से रिटायर्ड हरियाणा के सभी युवाओं को नौकरी की गारंटी का वादा भी किया।

सीएम मनोहर लाल खट्टर ने योग दिवस पर लोगों से अपील करते हुए कहा कि कोविड में ऑक्सीजन की खासा कमी हुई। इसलिए हम लोग योग दिवस पर इस बात का संकल्प लें कि एक पेड़ जरूर लगाएं और उसकी देखभाल करें ताकि बड़ा होकर वह जीवन भर आपको ऑक्सीजन दे सके। साथ ही खट्टर ने कहा कि योग केवल शारीरिक क्रिया नहीं है। योग से शरीर के साथ ही हमारे मन, बुद्धि, मानसिक और बौद्धिक क्षमता का भी विकास होता है। इसलिए हरियाणा सरकार हर ब्लाक स्तर से लेकर जिले तक के स्कूलों और तमाम संस्थाओं में योग दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन कर रही है।
प्रदेश में अग्निपथ योजना के विरोध में दिल्ली में हाेने वाले प्रदर्शन में भाग लेने के लिए हरियाणा के युवके दिल्ली जा रहे हैं। प्रदर्शनकारी युवक केंद्र सरकार से अपने निर्णय को वापस लेने की मांग कर रहे हैं। वहीं अब तक हुए प्रदर्शनों के दौरान पलवल, महेंद्रगढ़ और जींद में आगजनी की घटनाएं हुईं। हिसार में रोड जाम करने पर 100 से ज्यादा युवाओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
