Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हिसार में ESIC इंस्पेक्टर 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार, बेटी के एडमिशन वेरिफिकेशन के लिए मांगे थे 40 हजार

हिसार। हिसार के औद्योगिक क्षेत्र स्थित कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) कार्यालय में तैनात इंस्पेक्टर आनंद कुमार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोप है कि इंस्पेक्टर ने एक स्कूल कर्मचारी की बेटी के एडमिशन वेरिफिकेशन के बदले 40 हजार रुपये की मांग की थी। इसमें से 10 हजार रुपये वह पहले ही ले चुका था।

मंगलवार को शिकायतकर्ता से बकाया 30 हजार रुपये लेते ही ACB की टीम ने उसे मौके पर पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ हिसार स्थित विजिलेंस थाने में FIR दर्ज की गई है। मामले में आगे की पूछताछ की जा रही है।

10 हजार रुपये पहले ले चुका था आरोपी

शिकायतकर्ता ने हिसार विजिलेंस को दी शिकायत में बताया कि उसके स्कूल में कार्यरत एक कर्मचारी की बेटी के दाखिले के सत्यापन के लिए ESIC इंस्पेक्टर आनंद कुमार 40 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। शिकायत के अनुसार, आरोपी 10 हजार रुपये पहले ही ले चुका था और बाकी 30 हजार रुपये देने का दबाव बना रहा था।

विजिलेंस ने ऐसे बिछाया जाल

शिकायत की पुष्टि के बाद इंस्पेक्टर मुकेश कुमार के नेतृत्व में विजिलेंस टीम गठित की गई। जिला कृषि अधिकारी (DAO) सीताराम को राजपत्रित अधिकारी और ड्यूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर टीम के साथ शामिल किया गया।

योजना के अनुसार, शिकायतकर्ता मंगलवार को ESIC कार्यालय पहुंचा और जैसे ही उसने इंस्पेक्टर आनंद कुमार को बकाया 30 हजार रुपये दिए, टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।

BNS और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत FIR

विजिलेंस टीम ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 105 के तहत ट्रैप कार्रवाई की वीडियोग्राफी सहित आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।

आरोपी के खिलाफ हिसार विजिलेंस थाने में FIR नंबर 47 दर्ज की गई है। इसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2) और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 लगाई गई है। ACB की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है।

Exit mobile version