Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा के 8 जिलों में ठंड की एंट्री:24 घंटे में 1 डिग्री से ज्यादा तापमान गिरा; 31 डिग्री के साथ रोहतक का दिन सबसे ठंडा

हरियाणा में मौसम बदलाव की ओर है। बारिश न होने के बाद भी दिन के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। 24 घंटे में सूबे के अधिकतम तापमान में 1 डिग्री से अधिक की गिरावट आई है। यहां का रोहतक जिला ऐसा रहा जहां तापमान में सबसे अधिक गिरावट देखने को मिली।

यहां अधिकतम तापमान 31.0 डिग्री तक पहुंच गया है। इसके अलावा 7 ऐसे जिले रहे, जहां दिन का पारा 34 से कम रिकॉर्ड किया गया। इनमें अंबाला, करनाल, भिवानी, गुरुग्राम, जींद, कुरुक्षेत्र और सोनीपत शामिल हैं। इसी के साथ सुबह और शाम को हल्की ठंड महसूस होना शुरू हो गई है।

सिरसा जिले के तापमान में भी गिरावट देखने को मिली है। यहां करीब 0.6 डिग्री की गिरावट आई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मौसम में यह बदलाव जारी रहेगा।

IMD चंडीगढ़ के निदेशक डॉ. सुरेंद्र पाल के अनुसार प्रदेश में 24 घंटे में रात के तापमान में भी कमी देखने को मिल रही है। आगे यह बदलाव जारी रहेगा।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि हरियाणा में अगले 7 दिनों तक मौसम साफ रहेगा। बारिश होने के कोई आसार नहीं हैं। हालांकि, मौसम में जो बदलाव हो रहे हैं, उससे रात के समय पाला गिरेगा, जिससे सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस होगी। मौसम विशेषज्ञ ने बताया कि आने वाले दिनों में दिन के साथ रात के तापमान में भी गिरावट आएगी।

Exit mobile version